गाजियाबाद: चोरी करने घुसा चोर शटर में ही फंसा, 6 घंटे तक गर्दन अटकी रही; फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू कर निकाला
गाजियाबाद, 12 अप्रैल (अन्नू): गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ चोरी के इरादे से एक क्लीनिक में घुस रहा चोर खुद ही 'शिकार' बन गया। आरोपी छत के रास्ते दीवार और शटर के बीच बनी मामूली जगह से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसका धड़ तो अंदर निकल गया, लेकिन गर्दन कंक्रीट की दीवार और शटर के बीच बुरी तरह फंस गई।
6 घंटे तक छटपटाता रहा चोर
पकड़े गए चोर की पहचान बिहार निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे वह अभय खंड स्थित क्लीनिक में घुसने का प्रयास कर रहा था। गर्दन फंसने के बाद उसने बाहर निकलने की काफी कोशिश की और घंटों छटपटाता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका। वह करीब 6 घंटे तक उसी दर्दनाक स्थिति में लटका रहा। दोपहर करीब 12 बजे जब डॉक्टर क्लीनिक पहुँचे, तो उन्होंने शटर के पास चोर को फंसा देख तुरंत पुलिस को सूचित किया।
फायर ब्रिगेड ने शटर काटकर सुरक्षित निकाला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया। वैशाली फायर स्टेशन के सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि टीम ने विशेष उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक शटर को काटा। युवक का आधा शरीर अंदर और आधा बाहर लटका हुआ था। करीब एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसकी गर्दन को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
पुलिस ने आरोपी अभिषेक को हिरासत में ले लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वह इलाके में रेकी करने के बाद चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। हालांकि, इस बार उसकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह खुद ही जाल में फंस गया। सोशल मीडिया पर इस अनोखे रेस्क्यू और चोर की बेबसी का वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
#GhaziabadNews #CrimeNews #StrangeIncident #FireBrigadeRescue #Indirapuram #CaughtOnCamera #ThiefTrapped #HaryanaNews #TrendingNews #DanikKhabar #UPPolice #UPIncident #UPMeChori #AnokhaChor
Previous
अंबाला: महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर जीएमएन कॉलेज में भव्य कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं के जरिए छात्र हुए जागरूक
Next