24/03/26

ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 12 लाख की ठगी: पंचकूला पुलिस ने मथुरा और लुधियाना से दबोचा शातिर गिरोह, एक महिला समेत 4 गिरफ्तार

पंचकूला, 24 मार्च (अन्‍नू):  विदेश जाने का सपना देखने वाले युवाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर इमिग्रेशन गिरोह का पंचकूला पुलिस की 'एंटी इमिग्रेशन यूनिट' ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरप्रीत, हरभजन, उसकी पत्नी नेहा और चिराग नरूला के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों के खिलाफ अंबाला में पहले से ही धोखाधड़ी के 6 मामले दर्ज हैं।


फर्जी वीजा और ऑनलाइन ठगी का खेल लुधियाना निवासी पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि वह वर्क वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। इसी सिलसिले में वह अंबाला स्थित एक इमिग्रेशन ऑफिस पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसे झांसे में लेकर 12 लाख रुपये में वीजा लगवाने का सौदा तय किया। साजिश के तहत आरोपियों ने पीड़ित को पंचकूला सेक्टर-5 के एक रेस्टोरेंट में बुलाया और वहां नकदी लेकर उसे एक फर्जी वीजा थमा दिया। विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने तकनीक का सहारा लेकर फर्जी तरीके से वीजा को ऑनलाइन भी चेक करवाया। इसके बाद पीड़ित ने टिकट और होटल बुकिंग पर करीब 5 लाख रुपये और खर्च कर दिए, लेकिन अंत में सारा दस्तावेज फर्जी निकला।


मथुरा और लुधियाना में छापेमारी कर दबोचे आरोपी पंचकूला डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने व्हाट्सएप चैट और बैंक स्टेटमेंट जैसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले आरोपी हरप्रीत को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के मथुरा में दबिश दी और वहां छिपे बैठे हरभजन, नेहा और चिराग को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ऑफिस बंद कर दिया था और लगातार ठिकाने बदल रहे थे।


बरामदगी और आगे की कार्रवाई पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 लाख 35 हजार रुपये की नकदी, 5 मोबाइल फोन और कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपराध की जगह की निशानदेही भी की है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं जो फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।


#PanchkulaPolice #ImmigrationFraud #FakeVisa #CrimeNews #HaryanaPolice #VisaScam #AustraliaVisa #CyberCrime #BreakingNews #DanikKhabar

Previous

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ नगर निगम पर लगाया 40 हजार का जुर्माना, लापरवाह अफसरों की जेब से होगी वसूली

Next

सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: महिला सैन्य अफसरों को पूर्ण पेंशन का हक, भेदभाव खत्म करने का आदेश