यमुनानगर: ओपी जिंदल पार्क की झील में मिला टूरिज्म विभाग के कुक का शव, इलाके में सनसनी
हरियाणा/यमुनानगर, 10 मार्च (अन्नू): हरियाणा के यमुनानगर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ शहर के प्रसिद्ध ओपी जिंदल पार्क की झील में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान तीर्थ नगर निवासी 57 वर्षीय श्याम लाल के रूप में हुई है, जो पर्यटन विभाग (टूरिज्म डिपार्टमेंट) में बतौर कुक कार्यरत थे। सोमवार शाम को वह हमेशा की तरह सैर पर निकले थे, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल पर संपर्क न हो पाने के कारण परिवार की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पूरी रात उनकी खोजबीन की।
मंगलवार सुबह जब परिजन ढूंढते हुए पार्क परिसर में पहुँचे, तो झील के किनारे श्याम लाल के जूते लावारिस हालत में मिले। जूतों को देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद तुरंत पुलिस और गोताखोरों को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुँची सिटी थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम ने झील में तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक अपने पीछे दो बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। संदेह के आधार पर पुलिस ने झील के पानी के नमूने भी जाँच के लिए लिए हैं ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में इसे डूबने का मामला माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
#YamunanagarNews #HaryanaPolice #OPJindalPark #Tragedy #LocalNews #CrimeBranch #TourismDepartment #DanikKhabar