⚽ स्पेन का 'रॉयल' शो: फ्रांस को 2-0 से रौंदकर 16 साल बाद फीफा विश्व कप के फाइनल में बनाई जगह!

आरएस अनेजा, 15 जुलाई नई दिल्ली - स्पेन ने फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। डलास स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में स्पेन ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और फ्रांस की मशहूर आक्रमण पंक्ति को बेअसर रखा।

मैच के 22वें मिनट में युवा खिलाड़ी लामिन यामाल को बॉक्स में गिराए जाने के बाद स्पेन को पेनल्टी मिली, जिसे मिकेल ओयारजाबाल (Mikel Oyarzabal) ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद फ्रांस ने पलटवार का प्रयास किया, मगर वह गोल करने में असफल रहे।

दूसरे हाफ के 58वें मिनट में पेड्रो पोरो (Pedro Porro) ने दानी ओल्मो के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए शानदार मैदानी गोल दागा और स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद स्पेन के खिलाड़ी यामाल ने एक और गोल दागा, मगर रेफरी ने इसे ऑफ साइड करार देते हुए गोल को रद्द किया।

मजबूत डिफेंस स्पेन की

स्पेन के मजबूत डिफेंस और गोलकीपर उनाई सिमोन के बेहतरीन खेल ने किलियन एमबाप्पे (Kylian Mbappé) की अगुआई वाली फ्रांसीसी आक्रामक पंक्ति को पूरी तरह बेअसर रखा। इस ऐतिहासिक जीत के साथ स्पेन की टीम 16 साल बाद (2010 के बाद पहली बार) फीफा विश्व कप के फाइनल में पहुंची है।

अब स्पेन का सामना रविवार को न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाले ग्रैंड फिनाले में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। वहीं, फ्रांस की टीम शनिवार को तीसरे स्थान (Bronze Medal) के प्ले-ऑफ मुकाबले में उतरेगी।

मैच के बाद यह बोले खिलाड़ी व कोच

स्पेन के मुख्य कोच लुइस दे ला फुएंते ने कहा, ‘‘मेरे खिलाड़ियों ने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम का सामना किया और शानदार प्रदर्शन किया।’’ स्पेन के मिडफील्डर रोड्री ने कहा, ‘‘यहां तक पहुंचना बेहद कठिन था, लेकिन हमारा लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है। हम विश्व कप जीतना चाहते हैं।’’

वहीं,, फ्रांस के विदाई ले रहे कोच दिदिएर डेसचैम्प्स ने कहा, ‘‘स्पेन ने बेहतरीन रक्षात्मक खेल दिखाया। उन्होंने हमारे खिलाड़ियों को मौका नहीं बनाने दिया। हमने भी कई तकनीकी गलतियां कीं। ऐसे में अवसर बनाना बेहद मुश्किल हो जाता है।’’

फ्रांस टीम के कप्तान व आक्रामक खिलाड़ी एम्बाप्पे ने मैच के बाद स्वीकार किया कि स्पेन ने गेंद पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने कहा, ‘‘स्पेन गेंद और खेल की गति दोनों नियंत्रित करना पसंद करता है और हमने उन्हें ऐसा करने दिया। जब आप उनकी लय नहीं तोड़ पाते तो उनके खिलाफ खेलना बेहद कठिन हो जाता है।’’

Previous

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का एक के बाद एक अधिकारियों पर सख्त एक्शन : राजस्थान

Next

आज का राशिफल — 15 जुलाई 2026 (बुधवार)