श्रीराम कथा स्थल पर आयोजित रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, 65 श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान
जे कुमार, अम्बाला/नारायणगढ़ 6 नवम्बर - नई अनाज मंडी नारायणगढ़ में श्री सनातन जागरण मंच द्वारा आयोजित श्रीराम रसा अमृत कथा का आयोजन 4 से 6 नवंबर तक श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जा रहा है। पद्म भूषण अलंकृत वात्सल्यमूर्ति पूज्य दीदी मां साध्वी ऋतंभरा प्रतिदिन भक्तों को श्रीराम रसा अमृत कथा का रसपान करा रही हैं। कथा स्थल पर इन दिनों भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
आज कथा स्थल पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल नारायणगढ़ की ओर से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शिविर में 65 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। यह आयोजन न केवल धार्मिक भावना का प्रतीक बना बल्कि समाज सेवा का प्रेरणास्रोत भी रहा।
पूज्य दीदी मां साध्वी ऋतंभरा जी ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है जो न केवल किसी ज़रूरतमंद की जान बचाता है बल्कि समाज में प्रेम, करुणा और सेवा की भावना को भी सशक्त करता है। जब हम किसी अज्ञात व्यक्ति के जीवन को बचाने के लिए रक्तदान करते हैं, तब वास्तव में हम ‘मानवता के धर्म’ का पालन करते हैं। भगवान श्रीराम ने भी समाज के कल्याण के लिए अपने सुखों का त्याग किया था, उसी भावना से यदि हम दूसरों के हित में कार्य करें तो यही सच्ची रामभक्ति है।
दीदी मां ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल भक्ति में ही नहीं बल्कि समाज सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाएं, क्योंकि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सेवा, संयम और संस्कार से ही समाज में वास्तविक परिवर्तन लाया जा सकता है।
रक्तदान शिविर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, आयोजन समिति के सदस्य एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के उद्घोष और सेवा की भावना से भरा वातावरण देखने को मिला।
#ambala #News #narayangarh #bloodcamp