अंबाला कैंट के अभिजीत शर्मा ने 'इंडियन आइडल 16' के टॉप 15 में बनाई जगह, मिला प्लैटिनम माइक! बचपन से ही संगीत में साधना
जे कुमार, अम्बाला 6 नवम्बर - हरियाणा का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर रोशन हुआ है। अंबाला कैंट के 17 वर्षीय युवा गायक अभिजीत शर्मा ने देश के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल सीजन 16' में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप 15 (कुछ स्रोतों के अनुसार टॉप 16) में अपनी जगह पक्की कर ली है। अभिजीत के बेहतरीन गायन से प्रभावित होकर जजों ने उन्हें शो का प्रतिष्ठित 'प्लैटिनम माइक' भी प्रदान किया। अभिजीत ने थिएटर राउंड में अपने भावनात्मक और सुरमयी गायन से जजों - श्रेया घोषाल और विशाल ददलानी - को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जजों ने की प्रतिभा की सराहना :- शो की मुख्य जज श्रेया घोषाल ने अभिजीत की गायकी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी आवाज़ में एक पुरानी मिठास और गहराई है, और इतनी कम उम्र में इतनी पक्की गायकी कम ही देखने को मिलती है। उन्होंने अभिजीत को भविष्य का सितारा बताया।
वहीं, दूसरे जज विशाल ददलानी ने अभिजीत के गायन में इमोशनल कंट्रोल और सुर साधना की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो वह न केवल फाइनल में पहुंचेंगे, बल्कि शो के विजेता भी बन सकते हैं।
अभिजीत की इस बड़ी सफलता पर उनके परिवार और पूरे अंबाला जिले में खुशी का माहौल है। अभिजीत के पिता राजेश शर्मा ने बेटे की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि अभिजीत की संगीत यात्रा बहुत कम उम्र में ही शुरू हो गई थी।
बॉक्स : पिता राजेश शर्मा ने बताया उनकी संगीत के प्रति लगन और कड़ी मेहनत आज जाकर इंडियन आइडल के मंच पर रंग लाई है। उन्होंने बताया कि अभिजीत शर्मा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से दिखा दिया है कि छोटे शहर के युवा भी बड़े सपनों को साकार कर सकते हैं। पूरे हरियाणा और अंबाला के लोग अब उन्हें इंडियन आइडल 16 का विजेता बनते देखने की कामना कर रहे हैं। अभिजीत का यह सफर युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करता है।
#ambala #News #indian-idol-16 #haryana #abhijeet-sharma #ambala-cantt