14/03/26

दिल्ली: लूट और फायरिंग के मामलों में शामिल कुख्यात अपराधी को क्राइम ब्रांच ने अवैध पिस्तौल के साथ किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 14 मार्च (अन्‍नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NR-II, रोहिणी सेक्टर-18) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जहांगीरपुरी इलाके के कुख्यात अपराधी ध्रुव उर्फ राज उर्फ 'तूफान' को गिरफ्तार किया है। 22 वर्षीय यह आरोपी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लूटपाट और फायरिंग की कई वारदातों में वांछित था। पुलिस ने इसके पास से एक लोडेड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

क्राइम ब्रांच को हेड कांस्टेबल प्रदीप डाबास के जरिए सटीक सूचना मिली थी कि 'तूफान' अपने साथियों से मिलने के लिए भलस्वा डेयरी झील के पास गोल्फ कोर्स रोड पर आने वाला है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर नीरज शर्मा के नेतृत्व और एसीपी गिरीश कौशिक की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने गोल्फ कोर्स के पास जाल बिछाकर घेराबंदी की और आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया।



तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 7.65 एमएम की एक अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम (Arms Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ध्रुव केवल 11वीं तक पढ़ा है और नशे की लत व बुरी संगत के कारण अपराध की राह पर चल पड़ा। वह जहांगीरपुरी और भलस्वा डेयरी इलाके में सक्रिय 'SD ग्रुप' का हिस्सा है। आरोपी ने बताया कि उसने अलीगढ़ से हथियार खरीदे थे, जिसका इस्तेमाल वह लूटपाट और प्रतिद्वंदी गैंग से अपनी सुरक्षा के लिए करता था।


पकड़ा गया अपराधी ध्रुव एक आदतन अपराधी है। वह आदर्श नगर, किशनगढ़ और महेंद्र पार्क जैसे थानों में दर्ज लूटपाट और फायरिंग के 4 प्रमुख मामलों में वांछित चल रहा था। अदालती कार्यवाही से बचने के लिए वह लंबे समय से फरार था, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।



#DelhiPolice #CrimeBranch #DelhiCrime #CriminalArrested #RohiniPolice #LawAndOrder #BreakingNewsDelhi #ArmsAct #DanikKhabar #DelhiNews

Previous

क्षमता विकास आयोग की पहल: प्रशिक्षण संस्थानों को मजबूत करने के लिए दक्षिणी क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन

Next

गंभीर अनियमितताओं पर आयुष्मान योजना से वेदान्त हॉस्पिटल, इंदौर निलंबित