14/03/26

दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़, 12 लाख के नशीले पदार्थ के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 14 मार्च (अन्‍नू): ड्रग्स के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाते हुए दिल्ली पुलिस की ईस्ट जिला एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड (ANS) ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 21 किलो 730 ग्राम गांजा और 46 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है।



यह सफल ऑपरेशन 11 और 12 मार्च 2026 की दरमियानी रात को अंजाम दिया गया। एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी पर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ लेकर गाजियाबाद से दिल्ली की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-24 स्थित खिचड़ीपुर बस स्टैंड के पास जाल बिछाया। जैसे ही यूपी नंबर की स्कूटी वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। स्कूटी पर रखे दो सफेद बैगों से भारी मात्रा में गांजा और आरोपी फिरोज खान के पास से स्मैक बरामद हुई।



पकड़े गए आरोपियों की पहचान 41 वर्षीय फिरोज खान और 36 वर्षीय अकबर के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिरोज खान पर पहले से ही उत्तर प्रदेश और हरियाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं, और उस पर नोएडा में यूपी गैंगस्टर एक्ट भी लगाया जा चुका है। वहीं, आरोपी अकबर भी पूर्व में दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।


पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मोटे मुनाफे और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस अवैध धंधे से जुड़े थे। वे उत्तर प्रदेश से नशीले पदार्थ लाकर दिल्ली-एनसीआर के शहरी इलाकों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल, कल्याणपुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इनके उत्तर प्रदेश स्थित नेटवर्क की तलाश में जुटी है।


#DelhiPolice #DrugBust #AntiNarcotics #CrimeUpdate #DelhiNews #DrugFreeIndia #Ghaziabad #NDPSAct #DanikKhabar #Delhi #DelhiNews

Previous

चिकित्सकों के संवेदनशील व्यवहार से मरीजों की आधी तकलीफ़ हो जाती है दूर - उप मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश

Next

असम में CBI का बड़ा एक्शन: ₹16,000 की रिश्वत लेते SBI का असिस्टेंट मैनेजर रंगे हाथों गिरफ्तार