20/09/25

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22-23 सितंबर को मोरक्को का दौरा करेंगे

आरएस अनेजा, 20 सितम्बर नई दिल्ली - रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मोरक्को के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री अब्देलतीफ लौदियी के आमंत्रण पर 22-23 सितंबर, 2025 तक मोरक्को की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा करेंगे। यह भारतीय रक्षा मंत्री की उत्तरी अफ्रीकी देश की पहली यात्रा होगी, जो भारत और मोरक्को के बीच बढ़ते रणनीतिक सहयोग को रेखांकित करती है।

इस यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स मोरक्को के बेरेचिड में व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म (डब्‍ल्‍यूएचएपी) 8x8 के नए विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन होगा। यह संयंत्र अफ्रीका में पहला भारतीय रक्षा विनिर्माण संयंत्र है, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत भारत के रक्षा उद्योग की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति का परिचायक है।

इस यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री रक्षा, रणनीतिक और औद्योगिक सहयोग को मज़बूत करने के लिए श्री लौदियी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वे औद्योगिक सहयोग के अवसरों के लिए लगाने मोरक्को के उद्योग एवं व्यापार मंत्री श्री रियाद मेज़ूर से भी मुलाक़ात करेंगे। श्री राजनाथ सिंह अपनी यात्रा के दौरान रबात में जीवंत भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे।

दोनों पक्षों द्वारा रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने की भी उम्मीद है। यह समझौता ज्ञापन आदान-प्रदान, प्रशिक्षण और औद्योगिक संबंधों सहित द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को विस्तारित और गहन करने के लिए एक संस्थागत ढाँचा प्रदान करेगा। हाल के वर्षों में भारतीय नौसेना के जहाज नियमित रूप से कैसाब्लांका बंदरगाह पर रुकते रहे हैं, और यह समझौता इन संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगा।

Previous

भारतीय नौसेना और ग्रीस की हेलेनिक नौसेना के बीच पहला द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास भूमध्य सागर में संपन्न हुआ

Next

सेवा पखवाड़ा के तहत कार्यक्रमों में जनभावना दिख रही है और लोग सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं : ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज