सोनीपत में दिनदहाड़े गैंगवार जैसा खौफ: खरखौदा कोर्ट से पेशी भुगतकर निकले युवक की एसडीएम दफ्तर के बाहर गोलियों से भूनकर हत्या
सोनीपत, 16 मई (अन्नू): हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा में शनिवार दोपहर को उस समय सनसनी फैल गई, जब अदालत से बाहर निकले एक युवक की दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात एसडीएम (SDM) कार्यालय के ठीक बाहर बेहद फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई। यहाँ पहले से घात लगाकर बैठे 3 से 4 हथियारबंद बदमाशों ने अपनी ब्रेजा गाड़ी से युवक की कार को जोरदार टक्कर मारकर रोका। जैसे ही युवक की गाड़ी रुकी, बदमाशों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात से कोर्ट परिसर और प्रशासनिक कार्यालय के आसपास के इलाके में भारी दहशत फैल गई।
घरेलू विवाद के मामले में आया था पेशी पर
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक की पहचान नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झज्जर के बेरी थाना अंतर्गत गांव दुलधन का रहने वाला था और वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-37C (गाड़ोली खुर्द) में रह रहा था। नीरज के खिलाफ साल 2019 में उसकी पत्नी नीतू ने खरखौदा थाने में घरेलू प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी (धारा 498A, 323, 406 और 506 आईपीसी) का मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में शनिवार को नीरज खरखौदा की चौधरी सूर्यकरण जेएमआईसी अदालत में पेशी भुगतने आया हुआ था।
सिर और मुंह पर मारी गोलियां, मौके पर ही तोड़ा दम
अदालत की कार्यवाही खत्म होने के बाद नीरज जैसे ही अपनी गाड़ी से बाहर निकला, एसडीएम दफ्तर के बाहर हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने नीरज को संभलने का मौका भी नहीं दिया और उसके सिर व मुंह को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए। गोलियां सीधे सिर और चेहरे पर लगने के कारण अत्यधिक खून बह गया और नीरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया गया कि जब तक आसपास मौजूद लोग या सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाते, आरोपी अपनी ब्रेजा गाड़ी में सवार होकर तेजी से फरार हो गए।
पुरानी रंजिश और साजिश के एंगल पर पुलिस की तफ्तीश
घटना की जानकारी मिलते ही थाना खरखौदा पुलिस की भारी टीम तुरंत मौका-ए-वारदात पर पहुंची और पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर वहां से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे सुनियोजित साजिश और पुरानी रंजिश का मामला मानकर चल रही है। हमलावरों को नीरज की पेशी की सटीक जानकारी थी, जिसके लिए पूरी रेकी की गई थी। पुलिस अब कोर्ट और एसडीएम कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हत्यारों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द दबोचा जा सके।
#SonipatNews #KharkhodaCourt #MurderCase #HaryanaCrime #Shootout #LawAndOrder #DanikKhabar #Sonipat
Previous
कंबोडिया साइबर गुलामी और मानव तस्करी मामला: एनआईए ने फरार मास्टरमाइंड मुन्ना सिंह समेत 5 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
Next