16/05/26

हरियाणा बोर्ड कंपार्टमेंट और सुधार परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 मई से शुरू: जुलाई में आयोजित होगी परीक्षा

अभिकान्त, 16 मई हरियाणा : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा सीनियर सेकेंडरी (10वीं) और सेकेंडरी (12वीं) की वार्षिक परीक्षा-2026 के परिणाम क्रमशः 12 व 14 मई को घोषित किए जाने के बाद अब कंपार्टमेंट और अंक सुधार परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जो भी परीक्षार्थी सीनियर सेकेंडरी व सेकेंडरी की कंपार्टमेंट, ईआईओपी (Eligible for Improvement for Performance) एवं अतिरिक्त विषय श्रेणी की जुलाई-2026 में आयोजित होने वाली परीक्षा में प्रविष्ठ होना चाहते हैं, उनके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया आगामी 20 मई से शुरू होने जा रही है। योग्य छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध करवाए जाने वाले लिंक के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने परीक्षा शुल्क और आवेदन की तिथियों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा जुलाई-2026 के लिए परीक्षार्थी बिना किसी विलंब शुल्क (लेट फीस) के 1000 रुपये निर्धारित शुल्क के साथ 20 मई से 28 मई तक सामान्य रूप से आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद छात्रों को लेट फीस के साथ आवेदन का मौका मिलेगा। इसके तहत 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ 29 मई से 2 जून तक, 300 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 जून से 7 जून तक और अंत में 1000 रुपये के भारी विलंब शुल्क के साथ छात्र 8 जून से 11 जून तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

बोर्ड अध्यक्ष ने सभी इच्छुक उम्मीदवारों और छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों और अतिरिक्त आर्थिक बोझ से बचने के लिए समय रहते अपना आवेदन करना सुनिश्चित करें, क्योंकि अंतिम तिथि समाप्त होने के उपरान्त किसी भी परिस्थिति में किसी भी प्रकार के आवेदन पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही बोर्ड ने छात्रों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन भी जारी की है। यदि किसी परीक्षार्थी को ऑनलाइन आवेदन करने में किसी भी प्रकार की तकनीकी कठिनाई या समस्या आती है, तो वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त छात्र अपनी समस्या के समाधान के लिए आधिकारिक ई-मेल आईडी assec@bseh.org.in और assrs@bseh.org.in के माध्यम से भी बोर्ड प्रशासन से तुरंत संपर्क कर अपनी समस्या का निवारण सुनिश्चित कर सकते हैं।

#HBSE #HaryanaBoard #CompartmentExam2026 #BSEH #Class10th12th #EIOP #HaryanaEducation #BoardExamUpdate #StudentsWelfare #Danikkhabar

Previous

सोनीपत में दिनदहाड़े गैंगवार जैसा खौफ: खरखौदा कोर्ट से पेशी भुगतकर निकले युवक की एसडीएम दफ्तर के बाहर गोलियों से भूनकर हत्या

Next

बेरोजगार पूर्व सैनिकों के लिए सुनहरा मौका: अम्बाला पुलिस में विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) के 26 पदों पर सीधी भर्ती, 20 मई को होगी प्रक्रिया