जल जीवन मिशन के प्रगतिरत कार्यों को प्राथमिकता से करें पूर्ण- मुख्यमंत्री राजस्थान
एन.एस.बाछल, 22 मई, जयपुर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डूंगरपुर जिला कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड विजिट कर आमजन की समस्याओं को सुनने तथा उनके त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को विभागीय योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करके योजनाओं को धरातल पर उतारें। उन्होंने जिला कलक्टर को सभी उपखण्ड एवं विभागीय अधिकारियों की फील्ड विजिट सहित विभागीय जिम्मेदारियों की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर सभी वर्गों के कल्याण एवं विकास को सुनिश्चित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के किसानों की जमीने बहुत छोटी हैं, इसलिए उन्हें कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। जिससे उनकी उपज और आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक संख्या में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक कर लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर-बांसवाड़ा में आम की गुणवत्ता बहुत अच्छी है तथा मक्का की पैदावार भी अच्छी होती है। इसलिए यहां प्रोसेसिंग यूनिट्स को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए। जिससे किसानों को अच्छी आमदनी और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर में वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान में जन भागीदारी बढ़ाने, जल स्रोतों की साफ सफाई करने एवं कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत जल संचय के कार्यों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बारिश के पानी का संचय कर उसकी उपयोगिता को बढ़ावा देने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जाएं। इसके लिए जल संसाधन और पीएचईडी विभाग मिलकर काम करें।
उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत प्रगतिरत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर-बांसवाड़ा समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली विरासत वाले जिले हैं। इसलिए इस क्षेत्र के विकास को नए आयाम देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
बैठक में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबू लाल खराड़ी, सांसद मन्नालाल रावत, विधायक शंकरलाल डेचा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, टीएडी आयुक्त लक्ष्मी नारायण, जिला कलक्टर देशल दान, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan
Previous
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों का हो रहा आर्थिक कल्याण, डेयरी एवं सहकारिता सेक्टर को बनाया अधिक मजबूत - मुख्यमंत्री राजस्थान
Next