मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर व इनेलो अध्यक्ष अभय चौटाला ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की
ऊर्जा मंत्री अनिल विज का हाल जानने के लिए आज दिनभर उनके प्रशंसकों का लगा तांता
अम्बाला/चंडीगढ़, 28 फरवरी- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के अम्बाला छावनी स्थित आवास पर आज प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की मंगल कामना की।
प्रात: अम्बाला छावनी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ आत्मीयता और सद्भाव का प्रतीक रही इस भेंट के दौरान प्रदेश के विकास एवं जनसेवा से जुड़े विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अनिल विज प्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता हैं, जिनका प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण हरियाणा के लिए अमूल्य है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि विज शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होकर पुनः ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन पर अनिल विज, उनके भाई राजिंद्र विज एवं कपिल विज ने उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। पारिवारिक आत्मीयता के माहौल में हुई इस भेंट ने आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को और मजबूत किया।
"बम्बई से आया मेरा दोस्त...." केंद्रीय मंत्री के स्वागत में ऊर्जा मंत्री ने गीत गुनगुनाया
ऊर्जा अनिल विज के आवास पर आज प्रातः उनका हालचाल जानने पहुंचे केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का स्वागत मंत्री अनिल विज ने गीत की पंक्तियां "बम्बई से आया मेरा दोस्त...." गाकर किया। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल ने उनका हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं, आज दोपहर इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज का हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होकर जनसेवा में जुटने की कामना की।
उधर, आज दिनभर ऊर्जा मंत्री अनिल विज का हाल जानने के लिए प्रदेश से भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के अलावा उनके प्रशंसक, विभिन्न संगठनों से लोग उनके आवास पर पहुंचे।
--------------