किताबों के आगे सिर झुका लो ये आपको कहीं झुकने नहीं देगी: डॉ. अनुपमा आर्य
जे कुमार, 7 अगस्त अम्बाला छावनी : छावनी के आर्य कॉलेज सह शिक्षा के पुस्तकालय द्वारा नावांगतुक विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. प्रिया शर्मा द्वारा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुपमा आर्य के स्वागत द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि आर्य कॉलेज विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सदैव प्रयासरत रहा है। इसके साथ पुस्तकालय की भूमिका बताते हुए उन्होंने कहा कि आप किताबों के आगे सिर झुका लो ये आपको कहीं झुकने नहीं देंगी।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में उपलब्ध संसाधनों में निहित ज्ञान आपको लक्ष्यों को प्राप्त करने में आत्मनिर्भर बनाता है। इसलिए अपने समय का सदुपयोग करने के लिए पुस्तकालय में अवश्य आएं और वहां पुस्तकों का अध्ययन करें जितना आप पढ़ोगे आपके सोचने एवं तर्क शक्ति की क्षमता में उतना ही विस्तार होगा और इसके साथ आपका व्यक्तित्व विकास होगा। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय द्वारा बहुत से ऐसे संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं जो व्यक्ति विशेष की पहुचे से बाहर होते हैं जिन्हें पुस्तकालय के माध्यम से ही प्रयोग किया जा सकता है। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय जाने को अपने दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं की।
पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. प्रिया शर्मा ने ओरिएंटेशन सत्र में विद्यार्थियों को पी.पी.टी. के माध्यम से पुस्तकालय में उपलब्ध संसाधनों, पाठ्य पुस्तकों, संदर्भ पुस्तकों, न्यूज पेपर, मैगजीन, जर्नल, ई-रिसोर्स इत्यादि से अवगत करवाया और पुस्तकालय द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं संदर्भ सेवा, इंटरनेट सेवा, बुक बैंक सेवा, वर्तमान जागरूकता सेवा, न्यूज पेपर क्लीपिंग से पुराने प्रश्न इत्यादि की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके साथ पुस्तकालय के नियमों और शर्तों जैसे आगम निर्गमन, जुर्माना, देय अवधि से विद्यार्थियों को अवगत करवाया। उन्होंने ओपेक द्वारा किस प्रकार से पुस्तक सर्च की जा सकती है उसकी जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुस्तकालय के विभिन्न अनुभागों जैसे आगम निर्गमन अनुभाग, संदर्भ अनुभाग, प्रतियोगिक पुस्तक अनुभाग, न्यूज पेपर अनुभाग, दयानंद वैदिक अनुभाग से भी विद्यार्थियों को अवगत करवाया।
उन्होंने कहा कि आप पुस्कालय द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं और संसाधनों का प्रयोग कर अपनी शैक्षिक सफलता के साथ जीवन के लक्ष्य की प्राप्ति कर सकते हैं और पुस्तकालय के पूर्ण प्रयोग के उद्देश्य को प्राप्त करने में सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने पुस्तकालय के नवीनतम प्रयास कृष्ण लाल वर्मा मैमोरियल लाइब्रेरी बेस्ट यूजर अवार्ड से संबंधित नियमों की भी विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की और उन्हें अर्न वाईल यू लर्न स्कीम से भी अवगत करवाया। अंत में विद्यार्थियों को पुस्तकालय का भ्रमण करवाया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 76 विद्यार्थी और अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
#ambala #haryana #news #aryacollege #college