लॉर्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल में नशा मुक्ति की ओर एक सशक्त कदम पर सेमिनार
जे कुमार, 7 अगस्त अम्बाला छावनी : लॉर्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल में हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. अशोक वर्मा के दिशा-निर्देशन में "मिशन ड्रग फ्री हरियाणा" विषय पर कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिएएक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य था – राज्य के युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना।
कार्यक्रम में डॉ. वर्मा ने छात्रों को नशीली दवाओं और उनका समाज, शरीर व मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले कुप्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की महत्वपूर्ण धाराओं की जानकारी देते हुए समझाया कि यह कानून किस प्रकार नशे के व्यापार और सेवन को नियंत्रित करता है।
इस दौरान उन्होंने हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कार्यप्रणाली और उसके मिशन पर भी प्रकाश डाला। डॉ. वर्मा ने बताया कि यह ब्यूरो विशेष रणनीतियों के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में जागरूकता अभियान, पुनर्वास कार्यक्रम, छापेमारी व निगरानी जैसे कदम उठा रहा है ताकि युवाओं को नशे के दलदल में फँसने से बचाया जा सके।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा युवाओं की शक्ति ही राष्ट्र का भविष्य है, और नशा इस शक्ति को कमजोर करता है। हमें मिलकर इस बुराई को जड़ से खत्म करना है। विद्यालय की प्रधानाचार्या रुचि शर्मा ने इस सराहनीय पहल के लिए डॉ. अशोक वर्मा एवं हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा आज की पीढ़ी सबसे अधिक संवेदनशील और संभावनाओं से भरी हुई है, लेकिन नशे जैसी सामाजिक बुराइयां उनके भविष्य को अंधकारमय बना सकती हैं। ऐसे जागरूकता सेमिनार न केवल विद्यार्थियों को सही मार्ग दिखाते हैं, बल्कि उनमें सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी की भावना भी जागृत करते हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि एक जागरूक, स्वस्थ और सशक्त नागरिक तैयार करना है। हम सभी को मिलकर 'ड्रग फ्री हरियाणा' जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां नशे से मुक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। प्राचार्या ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और स्वयं के साथ-साथ समाज को भी नशे से बचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
#ambala # haryana #seminar #school #news