10/02/26

आर्य कॉलेज में डिजिटल एडिक्शन पर सैमीनार: विशेषज्ञों ने दी स्क्रीन टाइम कम करने और मानसिक स्वास्थ्य सुधारने की सलाह

जे कुमार, अम्बाला छावनी, 10 फरवरी 2026: आर्य कॉलेज, अम्बाला छावनी के लीगल सैल द्वारा विद्यार्थियों को डिजिटल लत के खतरों से आगाह करने के लिए एक दिवसीय सैमीनार का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजु बाला के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मेंटल हेल्थ काउंसलर सुश्री नेहा परवीन ने शिरकत की। उन्होंने 'डिजिटल एडिक्शन एवं एक्सेसिव स्क्रीन टाइम' विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि युवाओं और बच्चों में बढ़ती इंटरनेट की लत उनके मानसिक संतुलन को बिगाड़ रही है, जिससे वे भावनात्मक और सामाजिक रूप से अकेलेपन का शिकार हो रहे हैं।

सुश्री नेहा परवीन ने बताया कि अत्यधिक डिजिटल उपयोग से केवल स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं ही नहीं होती, बल्कि इंटरनेट पर उत्पीड़न, डिजिटल हिंसा और साइबर सुरक्षा जैसे गंभीर खतरे भी पैदा होते हैं। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारत में 13.91 लाख से अधिक साइबर सुरक्षा घटनाएं दर्ज की गई हैं, जो एक चिंताजनक विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि ऐसी स्थिति से बचने के लिए आत्म-नियंत्रण अपनाएं और जीवन में योग, ध्यान, मैदानी खेल, संगीत और किताबें पढ़ने जैसी गतिविधियों को शामिल करें। साथ ही उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (DLSA) के हेल्पलाइन नंबर 0171-2532142 के माध्यम से कोई भी छात्रा निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती है।

प्राचार्या डॉ. अंजु बाला ने अपने संबोधन में 'डिजिटल डिटॉक्स' पर जोर देते हुए कहा कि मनोरंजन के लिए तकनीक का इस्तेमाल गलत नहीं है, लेकिन इसकी अति जानलेवा साबित हो सकती है। आज हमारे शारीरिक और मानसिक रोगों का एक बड़ा कारण डिजिटल लत ही है, जिसके दुष्परिणाम पूरे परिवार को भुगतने पड़ते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रो. सिल्वी अग्रवाल ने सुझाव दिया कि सोशल मीडिया ऐप्स का उपयोग कम करें और परिवार के साथ सुखद समय बिताने की आदत डालें। वहीं डॉ. रेखा ने मानसिक शांति के लिए सकारात्मक सोच और रचनात्मक गतिविधियों में समय व्यतीत करने की सलाह दी। इस सैमीनार में डॉ. सरिता, डॉ. पंकज, डॉ. प्रगति शर्मा सहित कॉलेज स्टाफ और लगभग 72 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

#AryaCollegeAmbala #DigitalAddiction #CyberAwareness #ScreenTime #MentalHealth #AmbalaNews #DigitalDetox #LegalCell #StudentWellness #CyberSecurity

Previous

जी.एम.एन. कॉलेज के स्वयंसेवकों ने रैली और नुक्कड़ नाटक से जगाई अलख

Next

अम्बाला पुलिस का बड़ा एक्शन: विदेश भेजने के नाम पर 3 लाख हड़पने वाला आरोपी गुरुग्राम से गिरफ्तार