10/02/26

जी.एम.एन. कॉलेज के स्वयंसेवकों ने रैली और नुक्कड़ नाटक से जगाई अलख

जे कुमार अम्बाला छावनी, 10 फरवरी 2026: जी.एम.एन. कॉलेज, अम्बाला छावनी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा गांव खुड्डा कलां में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान आज 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना और ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

दिन की शुरुआत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक गीतों और प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद 'नशा मुक्त भारत' विषय पर पोस्टर निर्माण और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता से नशे के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी स्वयंसेवकों और ग्रामीणों ने नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली। विशेष रूप से शिक्षिका शायना सान्याल और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों को भावुक कर दिया। नाटक के माध्यम से दिखाया गया कि किस प्रकार नशा न केवल स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर देता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने अपने संदेश में युवाओं को नशे के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार बताते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक चुनौती है। उन्होंने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जब युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक वातावरण मिलता है, तो वे समाज में बड़े बदलाव के वाहक बनते हैं। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पिंकी गुप्ता और डॉ. चंद्रपाल पुनिया ने जोर देकर कहा कि नशा मुक्ति केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, इसके लिए समाज के हर व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में गांव की गलियों में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। स्वयंसेवकों ने नारों और तख्तियों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया और गांव को नशा मुक्त बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। यह शिविर न केवल समाज सेवा का माध्यम बना, बल्कि इसने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ किया।

#GMNCollege #NSSIndia #DrugFreeIndia #NashaMuktBharat #AmbalaNews #SocialAwareness #HealthySociety #YouthPower #HaryanaEducation #NSSCamp

Previous

लॉर्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल में विदाई समारोह का आयोजन: हर्षित और मान्य जोशी के सिर सजा मास्टर और मिस एल.एम.जे.पी.एस. का ताज

Next

आर्य कॉलेज में डिजिटल एडिक्शन पर सैमीनार: विशेषज्ञों ने दी स्क्रीन टाइम कम करने और मानसिक स्वास्थ्य सुधारने की सलाह