12/10/25

32 देशों के सेनाध्यक्ष अगले सप्ताह भारत आएंगे, सम्मेलन में हिस्सा लेंगे

भारतीय सेना संयुक्त राष्ट्र सैन्य योगदान देने वाले देशों के प्रमुखों के सम्मेलन की मेजबानी के लिए तैयार

आरएस अनेजा, 12 अक्टूबर नई दिल्ली - भारतीय सेना 14 से 16 अक्टूबर 2025 तक नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र सैन्य योगदान देने वाले देशों (यूएनटीसीसी) के प्रमुखों के सम्मेलन की मेजबानी करेगी, जिसमें संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 32 देशों के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व एक साथ आएंगे।

दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सैन्य योगदान देने वाले देशों के प्रतिनिधिमंडलों के 13 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली पहुँचने की उम्मीद है। यूएनटीसीसी परिचालन चुनौतियों, उभरते खतरों, अंतर-संचालन, निर्णय लेने में समावेशिता और संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों को मजबूत करने में प्रौद्योगिकी और प्रशिक्षण की भूमिका पर विचार-विमर्श करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है।

संयुक्त राष्ट्र मिशनों में सबसे बड़े योगदानकर्ताओं में से एक के रूप में, भारत परिचालन चुनौतियों, उभरते खतरों पर विचार-विमर्श करने, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने और भविष्य की शांति स्थापना पर साझा समझ बनाने के लिए इस उच्च-स्तरीय मंच का आयोजन कर रहा है। यह सम्मेलन वसुधैव कुटुम्बकम (विश्व एक परिवार है) के मूल सिद्धांतों को प्रतिबिम्बित करता है।

इस कार्यक्रम में माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में अल्जीरिया, आर्मेनिया, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भूटान, ब्राज़ील, बुरुंडी, कंबोडिया, मिस्र, इथियोपिया, फिजी, फ्रांस, घाना, इटली, कज़ाकिस्तान, केन्या, किर्गिस्तान, मेडागास्कर, मलेशिया, मंगोलिया, मोरक्को, नेपाल, नाइजीरिया, पोलैंड, रवांडा, श्रीलंका, सेनेगल, तंजानिया, थाईलैंड, युगांडा, उरुग्वे और वियतनाम के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

#mod #indianarmy #rajnathsingh #sjaishankar #UNTCC #cds #indianarmychief

Previous

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बहु- आपदा पूर्व चेतावनी डीएसएस और “मौसमग्राम” की समीक्षा की

Next

प्रधानमंत्री ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की