राष्ट्रीय खेल दिवस पर फतेहाबाद के गांव बड़ोपल में खिलाड़ियों के बीच पहुंचीं एसपी निकिता खट्टर, आत्मीय संवाद कर बढ़ाया हौसला
फतेहाबाद, 29 अगस्त (अन्नू): राष्ट्रीय खेल दिवस एवं महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचन्द की जयंती पर फतेहाबाद के गांव बड़ोपल में खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर का हॉकी खिलाड़ियों ने स्टिक से ब्रिज बनाकर अनोखे अंदाज में स्वागत किया। एसपी ने मेजर ध्यानचन्द के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और इसके बाद स्वयं हॉकी स्टिक से गेंद को हिट कर खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद और मार्गदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान एसपी निकिता खट्टर ने मैदान में उतरकर खिलाड़ियों से उनके अभ्यास, खेल रुचि और भविष्य के लक्ष्यों पर आत्मीय चर्चा की। उन्होंने कहा कि खेल मैदान केवल प्रतिस्पर्धा का स्थान नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है, जहां व्यक्ति अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और संघर्ष करना सीखता है। उन्होंने खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य रखने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
'एक घंटा खेल के मैदान में' और नशामुक्त जीवन का आह्वान
युवाओं को संबोधित करते हुए एसपी ने प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल के मैदान को देने का आह्वान किया। उन्होंने नशे के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल मैदान में लगाएं। उन्होंने कहा कि "हाथों में नशा नहीं, खेल का सामान हो; आंखों में निराशा नहीं, लक्ष्य का सपना हो"—यही सशक्त युवा पीढ़ी की पहचान है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेलों के लिए प्रेरित करने की अपील की।
आयोजकों द्वारा सम्मान और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों और खेल विभाग द्वारा एसपी निकिता खट्टर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी जिला खेल अधिकारी राजवाला, एईओ अनूप सिंह, थाना सदर प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद राय, चौकी प्रभारी राधेश्याम, प्राचार्या अनिता रानी, सरपंच प्रतिनिधि सुभाष गोदारा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
#FatehabadNews #HaryanaPolice #NikitaKhattarIPS #NationalSportsDay #MajorDhyanChand #SayNoToDrugs #HaryanaNews #DanikKhabar
Previous
करनाल में सबमर्सिबल मोटर चोरी गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार: 4 हजार की नकदी और बाइक बरामद
Next