अम्बाला पुलिस का प्रहार: जमानत पर बाहर आए दिल्ली के नशा तस्कर को हेरोइन के साथ दोबारा दबोचा

जे कुमार अम्बाला छावनी, 16 मार्च 2026: नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत अम्बाला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल (ANC) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखन, निवासी मलिका गंज, पुरानी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने निरीक्षक ऋषिपाल के नेतृत्व में सुभाष पार्क के पास नाकाबंदी कर आरोपी को उस समय काबू किया जब वह अपनी एक्टिवा पर नशे की सप्लाई देने जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी लखन महज तीन महीने पहले ही 19 दिसंबर 2025 को भी 13.53 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। वह हाल ही में अदालत से जमानत पर बाहर आया था और जेल से निकलते ही उसने फिर से मौत का सामान बेचना शुरू कर दिया। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी 'रिश्तेदारी' की आड़ में दिल्ली से नशा लेकर अम्बाला आता था और यहाँ के स्थानीय युवाओं को सप्लाई करता था। वह रिश्तेदार से मिलने का बहाना बनाकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश करता था।

अम्बाला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उन मुख्य सप्लायरों की तलाश कर रही है जिनसे लखन दिल्ली से माल खरीदता था। एसपी अम्बाला ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और आदतन अपराधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

#AmbalaPolice #DrugFreeHaryana #AntiNarcoticsCell #DrugTrafficking #DelhiSmugglerArrested #HeroinSeized #CrimeUpdateAmbala #NDPSAct #ZeroTolerance

Previous

"चाहे स्ट्रेचर पर जाऊं या व्हीलचेयर पर, वोट तो डालना ही है": मंत्री अनिल विज ने राज्यसभा चुनाव में जीत का ठोंका दावा

Next

जौहर श्रद्धांजलि समारोह में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगनाओं को दी श्रद्धांजलि