ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर कुरुक्षेत्र के युवक से 10 लाख की ठगी
हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 15 फ़रवरी (अन्नू): कुरुक्षेत्र के जालखेड़ी गांव के एक युवक को विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी और प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी एजेंट ने युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने का वादा किया था, लेकिन उसे वहां ले जाने के बजाय एक महीने तक मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे देशों में घुमाता रहा। हद तो तब हो गई जब बकाया पैसों के विवाद में एजेंटों ने युवक के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसकी किडनी बेचने तक की खौफनाक धमकी दे डाली।
पीड़ित विवेक के पिता बबलू शर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने बेटे की उच्च शिक्षा के लिए बाबैन स्थित एक ट्रैवल एजेंट सुशील से संपर्क किया था। एजेंट के साथ 22 लाख 75 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें शर्त यह थी कि पूरी रकम विवेक के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद दी जाएगी। हालांकि, धोखेबाज एजेंट ने विवेक को अचानक दिल्ली बुलाया और वहां से हैदराबाद और बेंगलुरु भेज दिया। इसके बाद शुरू हुआ धोखे का एक ऐसा सिलसिला जिसमें विवेक को अलग-अलग देशों के चक्कर कटवाए गए और हर कदम पर पैसों की मांग की गई।
आरोपी एजेंट ने विवेक को छह दिनों तक मलेशिया में रखा और फिर इंडोनेशिया व बाली जैसे स्थानों पर घुमाया। इस दौरान एजेंट ने 'खाते की लिमिट खत्म होने' जैसे बहाने बनाकर पीड़ित परिवार से करीब 10 लाख रुपये वसूल लिए। जब विवेक के पिता ने एजेंट की नीयत पर शक होने पर अपने बेटे को वापस भारत बुलाने की मांग की, तो आरोपियों का असली चेहरा सामने आ गया। एजेंट ने विवेक को बंधक बना लिया, उसके साथ मारपीट की और उसे डराया कि अगर और पैसे नहीं मिले तो उसकी किडनी निकाल ली जाएगी।
अत्यधिक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलने के बाद, विवेक किसी तरह 30 अक्टूबर को एजेंटों के चंगुल से बचकर सुरक्षित भारत वापस लौटने में सफल रहा। इस पूरी धोखाधड़ी में पीड़ित परिवार के करीब 12 लाख रुपये (10 लाख एजेंट को और 2 लाख अन्य खर्च) डूब गए। कुरुक्षेत्र पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
#TravelScam #KurukshetraNews #VisaFraud #AustraliaVisa #CyberCrime #HumanTrafficking #HaryanaPolice #ForeignEducationScam