30 मई को रोहतक के पहरावर में होगा राज्यस्तरीय परशुराम जन्मोत्सव : सहकारिता, कारागार एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
चंडीगढ़, 23 मई (अभी) - हरियाणा के सहकारिता, कारागार एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा शुरू की गई "संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना" को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में 30 मई को रोहतक के गांव पहरावर में राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जन्मोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्री व वरिष्ठ नेता भी भाग लेंगे। उन्होंने आमजन से इस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
डॉ. शर्मा आज कैथल की ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम सम्पूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनसे हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, धैर्य, साहस, पराक्रम, त्याग और मातृ-पितृ भक्ति की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सभा को दान में दी गई 15 एकड़ से अधिक भूमि के सभी दस्तावेज पूरे कर सभा को सौंपे जा चुके हैं। यह संस्था 1904 में गठित हुई थी और वर्तमान में इसके 80 हजार से अधिक सदस्य हैं। मुख्यमंत्री श्री सैनी चाहते हैं कि संस्था का चुनाव शीघ्र हो, जिससे कार्य अधिक व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ सकें। उन्होंने बताया कि गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के चुनाव शीघ्र कराए जाएंगे। उन्होंने गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी में प्रशासक लगाने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का आभार व्यक्त किया।
सभा के दौरान मंत्री डॉ. शर्मा ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हर मामले का गंभीरता से संज्ञान लें और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उन्होंने जिला ब्राह्मण सभा में पुस्तकालय की स्थापना के लिए 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।
सिसला धाम में पूजा अर्चना कर विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा
डॉ. अरविंद शर्मा शुक्रवार को कैथल के गांव सिसला धाम पहुंचे और वहां पूजा अर्चना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्याम कलयुग में हारे का सहारा हैं। सिसला धाम की पूरे प्रदेश में मान्यता है और यहां पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। एकादशी के अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत की और धाम में शेड निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।