24/07/26

बोह घाटी के प्रभावित परिवारों को सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी: मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश

एन.एस.बाछल, 24 जुलाई, शिमला।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से दूरभाष के माध्यम से कांगड़ा जिले की बोह घाटी में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया से बात कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से भी फोन पर बात की और उन्हें हर सम्भव सहायता का आश्वासन दिया।

उप-मुख्य सचेतक ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि उनके निर्देशों पर जिला प्रशासन ने जिन 19 परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री की किट उपलब्ध करवाई है। इसके अतिरिक्त, जिन 17 परिवारों के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें 10-10 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि बादल फटने की घटना से सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सेवाओं को शीघ्र बहाल करवाने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बादल फटने से प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक सेवाओं की बहाली को सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वह शीघ्र ही बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का स्वयं आकलन करेंगे। उन्होंने आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना के मद्देनजर प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की भी अपील की।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal

Previous

हरियाणा सरकार ने समीर पाल सरो को क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया

Next

ऊर्जा मंत्री अनिल विज के विपक्ष और देश विरोधी ताकतों पर ताबड़तोड़ बयानी हमले