जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने किया राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का निरीक्षण
एन.एस.बाछल, 23 जुलाई, जयपुर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नारायण सिंह ने सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा विभाग से संबंधित प्राप्त परिवादों एवं उनके निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की।
प्रबंध निदेशक नारायण सिंह ने कहा कि प्रदेश में सुशासन की अवधारणा को साकार करने के लिए आमजन की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभाग से संबंधित परिवादों की जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर के माध्यम से विभिन्न परिवादियों से दूरभाष पर सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने हिमांशु, रामकिशन, उदित, अमित गुप्ता एवं पुष्पेंद्र से संवाद कर सिटी बसों के संचालन, रूट संबंधी समस्याओं तथा बस स्टाफ के अनुचित व्यवहार की शिकायतों के निस्तारण के लिए संम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर राजस्थान संपर्क पोर्टल तथा संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan
Previous
दैनिक खबर: आज 23 जुलाई, 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार
Next