23/06/26

अजमेर के सांपला में बनेगा भव्य द्वारकाधीश मंदिर, भूमि पूजन में उमड़ा जनसैलाब

एन.एस.बाछल, 23 जून, जयपुर।

अजमेर जिले में स्थित धार्मिक नगरी सांपला में भगवान द्वारकाधीश गोपाल महाराज के भव्य मंदिर निर्माण के भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत, नगरीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)   झाबर सिंह खर्रा और विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। 

महामंडलेश्वर ध्रुवदास महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जोराराम कुमावत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे धार्मिक आयोजन प्रेरणादायी हैं। सांपला में द्वारकाधीश मंदिर के प्रति लोगों की आस्था और समर्पण अद्भुत है। ग्रामीणों एवं विधायक शत्रुघ्न गौतम की मांग पर उन्होंने सांपला के राजकीय पशु चिकित्सालय को प्रथम श्रेणी में क्रमोन्नत करने का आश्वासन भी दिया।

झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि भगवान द्वारकाधीश के प्रति क्षेत्रवासियों का विश्वास और प्रेम समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर सांपला को नगर पालिका बनाने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि सांपला का गोपाल मंदिर प्रदेशभर में आस्था का केंद्र है। द्वारका से पधारे भगवान द्वारकाधीश गोपाल महाराज के इस मंदिर का निर्माण 608 वर्ष बाद होने जा रहा है, जो क्षेत्र के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय साबित होगा। उन्होंने मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले ग्रामीणों का आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बंशीधर बाजिया ने कहा कि महामंडलेश्वर ध्रुवदास महाराज के मार्गदर्शन में बनने वाला यह मंदिर क्षेत्र की नई पहचान बनेगा। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान  धर्मनारायण जोशी एवं प्रहलाद चंद त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्य शिला, नवग्रह एवं 101 अन्य शिलाओं का पूजन कराया। इसके बाद संत-महात्माओं, अतिथियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मुख्य शिला स्थापित की गई।

कार्यक्रम में हरिमोहन शर्मा, भूपेंद्र सिंह शक्तावत, शैलेंद्र सिंह शक्तावत, राजवीर भिंचर, राजवीर हावा, अभिषेक कुमावत, रामेश्वर गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। भूमि पूजन से पूर्व निकाली गई भव्य शोभायात्रा और महाकाल की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

झीलों की नगरी के रूप में विकसित हो रहा अजमेर, बढ़ेगा पर्यटन -विधानसभा अध्यक्ष

Next

दिल्ली-NCR में नकली नोटों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मालदा से जुड़े गिरोह के 3 तस्कर दबोचे, ₹3 लाख के जाली नोट बरामद