पंजाब विजिलेंस के नाम पर 20 लाख की रिश्वत: CBI ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर आरोपियों को दबोचा
पंजाब, 12 मई (अन्नू): सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों के नाम पर रिश्वत मांगने वाले एक बड़े नेक्सस का भंडाफोड़ किया है। CBI द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, ब्यूरो ने दो बिचौलियों और उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। यह मामला पंजाब राज्य कर विभाग (State Tax Officer) के एक अधिकारी की शिकायत पर दर्ज किया गया था, जिनसे उनकी शिकायत को रफा-दफा करने के बदले 20 लाख रुपये की मांग की गई थी।
रिश्वत की डील और जाल बिछाकर गिरफ्तारी
शिकायतकर्ता का आरोप था कि विकास (उर्फ विक्की गोयल) और उसका बेटा राघव गोयल, पंजाब विजिलेंस के वरिष्ठ अधिकारियों (विशेष रूप से डीजी विजिलेंस के रीडर ओ.पी. राणा) के बिचौलिए के रूप में काम कर रहे थे। CBI द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, बातचीत के दौरान रिश्वत की राशि 20 लाख से घटाकर 13 लाख रुपये और साथ में एक सैमसंग गैलेक्सी Z Fold7 मोबाइल फोन तय की गई थी। 11 मई 2026 को चंडीगढ़ में जाल बिछाया गया, जहां आरोपी अंकित वाधवा को 13 लाख रुपये और फोन लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
अंबाला बॉर्डर पर फिल्मी पीछा और धरपकड़
जब CBI की टीम ने मुख्य आरोपियों विकास और राघव गोयल को पकड़ने की कोशिश की, तो वे अपने गनमैन द्वारा सतर्क किए जाने के बाद मौके से फरार हो गए। इसके बाद CBI की टीम ने उनका पीछा किया और उन्हें पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर अंबाला के पास दबोच लिया। हालांकि, इस मामले में मुख्य आरोपी और डीजीपी विजिलेंस के रीडर ओ.पी. राणा अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
तलाशी में नकदी बरामद और जांच का दायरा
गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपियों के मलोट और चंडीगढ़ स्थित आवासों पर छापेमारी की। CBI द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, इस तलाशी अभियान में 9 लाख रुपये नकद और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि सरकारी पदों पर बैठे व्यक्ति निजी बिचौलियों के साथ संवेदनशील जानकारी साझा कर रहे थे। इसके अलावा, निजी व्यक्तियों को पंजाब पुलिस के गनमैन (AK-47 राइफल के साथ) क्यों दिए गए थे, इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
#CBI #PunjabPolice #VigilanceCorruption #CrimeNews #ChandigarhNews #BriberyCase #AntiCorruption #PunjabNews #DanikKhabar
Previous
बांग्लादेश में सफल पोर्ट कॉल के बाद आईओएस सागर का चट्टोग्राम से प्रस्थान
Next