02/08/26

आस्था का सम्मान, विकास को नई उड़ान, पुष्कर के विकास को लगेंगे नए पंख- जल संसाधन मंत्री राजस्थान

एन.एस.बाछल, 02 अगस्त, जयपुर।

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने तीर्थराज पुष्कर को विकास की ऎतिहासिक सौगात देते हुए 1.40 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित भव्य स्वागत द्वार श्री ब्रह्म द्वार का लोकार्पण तथा 43.38 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले नवीन उप-जिला चिकित्सालय के भवन का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि आस्था हमारी पहचान है, विकास हमारी प्रतिबद्धता है। हमारी सरकार तीर्थराज पुष्कर की धार्मिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। आस्था का सम्मान, विकास को नई उड़ान। यही माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की विकास सोच है, जिसके अनुरूप तीर्थराज पुष्कर को धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं की दृष्टि से निरंतर सशक्त बनाया जा रहा है।

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि तीर्थराज पुष्कर केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व में आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहाँ आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक पुष्कर की धार्मिक गरिमा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ता है। इसलिए राज्य सरकार का प्रयास है कि इस पवित्र नगरी की पहचान को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाए।

उन्होंने कहा कि 1.40 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित श्री ब्रह्म द्वार केवल एक प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि तीर्थराज पुष्कर की दिव्यता, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली पहचान का प्रतीक है। यह भव्य स्वागत द्वार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का स्वागत करते हुए पुष्कर की धार्मिक महत्ता को और अधिक प्रतिष्ठित करेगा तथा पर्यटन को नई गति प्रदान करेगा।

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर की देवतुल्य जनता के लिए आज का दिन ऎतिहासिक है, क्योंकि वर्षों से बहुप्रतीक्षित 43.38 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले नवीन उप-जिला चिकित्सालय का शिलान्यास भी आज सम्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि लाखों लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य और जनविश्वास का मजबूत आधार बनेगा।

उन्होंने कहा कि इस आधुनिक चिकित्सालय के निर्माण के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएँ, अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ, आवश्यक जांचें एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार की व्यवस्था पुष्कर में ही उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्रवासियों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए बार-बार अजमेर अथवा अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। समय पर उपचार मिलने से आमजन को राहत मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।

सुरेश सिंह रावत ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और ग्रामीण जीवन की कठिनाइयों को निकट से समझते हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी परिवार का सदस्य बीमार होता है, तो उसकी पीड़ा पूरा परिवार महसूस करता है। यही कारण है कि उन्होंने जनप्रतिनिधि बनने के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया। आज उप-जिला चिकित्सालय का शिलान्यास उसी संकल्प की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी एवं संवेदनशील नेतृत्व में राजस्थान में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सड़क, पेयजल और आधारभूत विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है और इसी भावना के साथ पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में निरंतर जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी विकास की यह गति निरंतर बनी रहेगी और पुष्कर को एक आदर्श धार्मिक एवं पर्यटन नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। सरकार की प्रत्येक योजना का केंद्र आमजन का हित है और उसी भावना के साथ पुष्कर के सर्वांगीण विकास का कार्य निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर आचार्य मधुसूदन जी, कमल जी पाठक निवर्तमान सभापति पुष्कर, समस्त जनप्रतिनिधि व पार्षद गण पुष्कर निवासी उपस्थित रहे।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

एस.ए. जैन सीनियर मॉडल स्कूल का जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में दबदबा; 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान में जीते कई पुरस्कार

Next

54 वर्ष पुरानी ट्रांसमिशन लाइनें भी बनीं विश्वसनीयता की मिसाल : मध्यप्रदेश