14/06/25

Weather Update : हिमालयी इलाकों में लू कहर, दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी

नई दिल्ली, 14 जून (अभी): लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज लोगों की कड़ी परीक्षा ले रहा है। किसी राज्य में बारिश का कहर दिख रहा है तो कई राज्यों में बढ़ता तापमान और लू के थपेड़े से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। असम में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव सामने आया है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी तूफान की आशंका जताई है।

दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान की आशंका


मौसम विभाग के मुताबिक, गर्मी और उमस के बाद दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान की भी आशंका है। साथ-साथ उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है। दक्षिण प्रायद्वीप में अगले 5-6 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा।

पूर्वोत्तर भारतीय राज्यों में बारिश का कहर


मौसम विभाग के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश जारी रहेगी। बदलती मौसमी परिस्थितियों के बीच अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर भारतीय राज्यों में बारिश तेज होने का अनुमान है। मानसून महाराष्ट्र को प्रभावित कर रहा है। अगले दो दिनों में मानसून गुजरात की ओर बढ़ेगा। इसके बाद ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों को भी कवर करेगा।

लू का अलर्ट, बारिश का पूर्वानुमान और मानसून का हाल


मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में आंधी बारिश का दौर चल रहा है,तो वहीं कई क्षेत्र में तेज गर्मी पड़ रही है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर में लू का अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया। 15-16 जून को मानसून के दस्तक देने का अनुमान है। 

राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियों से राहत की आस


बारिश से बेहाल पूर्वोत्तर से अलग राजस्थान के गंगानगर में अधिकतम तापमान 50 डिग्री तक पहुंच गया, वहीं ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री के बीच रहा। हालांकि पूर्वी राजस्थान में के कई हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं सक्रिय हैं। मानसून पूर्व की आंधी और बारिश की गतिविधियों में 15 जून के बाद से और बढ़ोतरी होगी।

उत्तर प्रदेश के 19 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट


पूरब से पश्चिम तक प्रचंड गर्मी का प्रकोप बरकरार है। बीते कई दिनों से उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से लोगों का दम फूलने लगा है। सड़कें भट्ठी की तरह तप रही हैं। विशेष तौर पर बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के कई जिले लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल 15 जून तक इन इलाकों में झुलसा देने वाली गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। वहीं रविवार से प्रदेश के पूर्वी हिस्से से प्री-मानसून बूंदाबांदी की शुरुआत के आसार हैं।

Previous

यूपी पुलिस के 60 हजार नवनियुक्त कांस्टेबलों को इस दिन मिलेगा अपॉइंटमेंट लेटर, अमित शाह और सीएम योगी भी रहेंगे मौजूद

Next

हरियाणा में कल होंगे पंचायत उपचुनाव  — हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह