09/01/26

अम्बाला में पीला पंजा: गांव पत्ती अचारजा में सवा चार एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर

चंडीगढ़, 09 जनवरी (अभी) : जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग के दस्ते ने अम्बाला अर्बन एरिया के अंतर्गत आने वाले गांव पत्ती अचारजा में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4.25 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। विभाग को सूचना मिली थी कि तहसील अम्बाला के खसरा नंबर 14//6, 15/2, 15//1/3, 10, और 11 में नियमों को ताक पर रखकर अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जे0सी0बी0 मशीनों ने कॉलोनी में बिछाए गए कच्ची सड़कों के जाल को उखाड़ दिया और निर्माणाधीन ढांचे ढहा दिए। इस तोड़-फोड़ अभियान का नेतृत्व ड्यूटी मजिस्ट्रेट सह जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने किया, जिसमें कनिष्ठ अभियंता रविन्द्र पंवार और एस0एच0ओ0 एन्फोर्समेंट भी अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे।

कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने आम जनता को सख्त चेतावनी देते हुए अपील की कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के लुभावने विज्ञापनों और झांसे में आकर अवैध कॉलोनियों में अपने खून-पसीने की कमाई निवेश न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना विभागीय अनुमति और बिना सीएलयू (CLU) के विकसित की जा रही कॉलोनियों में प्लॉट या दुकान खरीदना कानूनी रूप से गलत है और भविष्य में ऐसे निर्माणों को भी गिरा दिया जाएगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि अम्बाला में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनाइजेशन के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। आमजन को सलाह दी गई है कि किसी भी स्थान पर निवेश करने से पहले डीटीपी कार्यालय से कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य कर लें ताकि उन्हें बाद में किसी आर्थिक नुकसान या कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

#AmbalaNews #AntiEncroachment #DTPAmbala #BulldozerAction #IllegalColony #PropertyFraud #UrbanPlanning #HaryanaPolice #LandGrabbing #AmbalaDevelopment #PublicNotice #BreakingNewsAmbala

Previous

नारायणगढ़ में शिक्षा की नई रोशनी-तेलु राम मेमोरियल ट्रस्ट पुस्तकालय बना युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त केंद्र

Next

मानवता की मिसाल: उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने स्लम एरिया के बच्चों के लिए दान किया अपना एक माह का वेतन