मानवता की मिसाल: उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने स्लम एरिया के बच्चों के लिए दान किया अपना एक माह का वेतन
जे कुमार अम्बाला, 09 जनवरी 2026: अम्बाला के उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने समाज सेवा और संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए, उन्होंने स्लम एरिया के जरूरतमंद बच्चों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराने के लिए अपने एक माह का वेतन स्वेच्छा से दान कर दिया है। उनके इस योगदान से लघु बाल भवन, अम्बाला छावनी में आने वाले बच्चों के लिए जैकेट और अन्य गर्म वस्त्र खरीदे गए हैं।
उपायुक्त ने इस भावुक पहल के पीछे की वजह साझा करते हुए बताया कि पिछले दिनों वे लघु बाल भवन में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। वहां उन्होंने देखा कि स्लम एरिया से आने वाले कई बच्चों के पास कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े नहीं हैं। बच्चों की इस स्थिति ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया, जिसके बाद उन्होंने निर्णय लिया कि वे स्वयं व्यक्तिगत रूप से इसमें योगदान देंगे।
वितरण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि इन जैकेटों की मदद से बच्चे न केवल ठंड से सुरक्षित रहेंगे, बल्कि बीमारियों से भी बच सकेंगे। उन्होंने जिला बाल कल्याण अधिकारी विश्वास मलिक और उनकी टीम की भी सराहना की, जो इन बच्चों को सशक्त बनाने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने अम्बाला के दानी सज्जनों और सक्षम नागरिकों से अपील करते हुए कहा "अम्बाला का समाज हमेशा से ही सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है। मेरा सभी सक्षम लोगों से आग्रह है कि वे अपनी स्वेच्छा से आगे आएं और जरूरतमंद बच्चों व लोगों की सहायता करें। ऐसे सेवा कार्यों से जो आत्मिक शांति और खुशी मिलती है, वह अतुलनीय है। प्रशासनिक प्रमुख द्वारा उठाए गए इस कदम की पूरे जिले में चर्चा हो रही है और इसे समाज के वंचित वर्ग के प्रति एक संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण माना जा रहा है।
#DCAmbala #AjaySinghTomar #SocialService #HumanityFirst #AmbalaNews #ChildWelfare #WinterRelief #Inspiration #HaryanaAdministration