18/03/25

उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश और ओले से गिरा तापमान

उत्तर प्रदेश, 18 मार्च (अभी): यूपी में मौसम बदल चुका है। दो दिन पहले तक लू जैसी हवा अब ठंडी हो गई। सोमवार की तरह मंगलवार को भी सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं।  उत्तर प्रदेश में बदले हुए मौसम के बीच दक्षिणी पूर्वी और तराई इलाकों में रविवार की देर रात और सोमवार की सुबह के बीच रुक-रुक कर हल्की बारिश हुई। गोरखपुर और बस्ती में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार की सुबह राजधानी लखनऊ समेत बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, सोनभद्र, प्रयागराज, इटावा, बिजनौर आदि जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक बूंदाबांदी और बादलों की मौजूदगी से अगले दो दिन तक पारे में हल्की गिरावट आने के आसार हैं।17 से 20 मार्च तक फिलहाल मौसम शुष्क रहने वाला है।

बूंदाबांदी और कई जिलों में ओले गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में सरसों, मटर और गेहूं की फसल को ओले गिरने से नुकसान की आशंका है। वहीं, तेज पछुआ चलने से गेहूं आदि की फसल प्रभावित हो सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि अगले दो दिन तक पारे में गिरावट के आसार हैं। 17 से 20 मार्च तक मौसम शुष्क रहने वाला है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी से चली पुरवाई फिर से मौसम में बदलाव लाएगी।

Previous

उत्तर प्रदेश : 29 साल बाद लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर गंगा पुल की होगी मरम्मत, 42 दिन तक 74 ट्रेनें होंगी प्रभावित

Next

यूपी में 62 आईटीआई को अपग्रेड करेगी टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड