Weather: भीषण गर्मी झेलने के लिए हो जाएं तैयार, पारा पहुंचेगा 42 के पार, जानें अपने राज्य के मौसम का हाल
नई दिल्ली, 05 अप्रैल (अभी): अप्रैल शुरू होते ही आसमान से आग बरसने लगी है। आने वाले दिनों गर्मी का यह सितम और बढ़ने वाला है। पारा 40 डिग्री सेल्सियस से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। मौसम विभाग ने सात और आठ अप्रैल के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी रहेगी। इसके अलावा लू चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। जबकि दक्षिणी राज्यों में बारिश होने की उम्मीद है।
इन राज्यों में चलेगी लू
मौसम विभाग ने दिल्ली में आठ अप्रैल तक हीट वेव की स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया। तापमान 40-42 डिग्री के बीच रहेगा। मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में लू का अलर्ट भी जारी किया है। विभाग ने कहा कि पांच अप्रैल से नौ अप्रैल तक सौराष्ट्र और कच्छ, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू चलने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है। 6 अप्रैल से 9 अप्रैल तक पंजाब और गुजरात क्षेत्र में, 5 अप्रैल से 10 अप्रैल तक पश्चिमी राजस्थान में, 6 अप्रैल से 10 अप्रैल तक पूर्वी राजस्थान में और 7 अप्रैल से 10 अप्रैल तक पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी लू चल सकती है।
दक्षिणी राज्यों में बारिश देगी राहत
एक ओर उत्तर भारत में गर्मी का सितम होगा। तो दूसरी दक्षिणी राज्यों में बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में शनिवार को मध्यम बारिश हो सकती है। 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। चेन्नई स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड, थेनी, डिंडीगुल, सलेम और तिरुप्पुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।