त्योहारी सीजन में रेलवे चलाएगा चंडीगढ़ से पटना और वाराणसी के लिए स्पेशल ट्रेनें, बुकिंग शुरू
चंडीगढ़ , 07 सितंबर (अभिकान्त) : दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के पावन पर्व पर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ से दो विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनमें चंडीगढ़-पटना जंक्शन विशेष एक्सप्रेस और चंडीगढ़-वाराणसी जंक्शन विशेष एक्सप्रेस शामिल हैं। ये स्पेशल ट्रेनें 1 अक्तूबर से नवंबर के अंत तक संचालित की जाएंगी, जिनसे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी।
1. चंडीगढ़-पटना जंक्शन विशेष एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 04512/04511): यह ट्रेन त्योहारी सीजन में कुल 18 फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04512 चंडीगढ़-पटना एक्सप्रेस 1 अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चंडीगढ़ से रात 11:35 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04511 पटना जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को पटना से रात 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
प्रमुख ठहराव: अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, लखनऊ जंक्शन, सुल्तानपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर।
कोच श्रेणी: एसी थ्री टियर, एसी थ्री टियर इकॉनमी, स्लीपर और जनरल श्रेणी।
2. चंडीगढ़-वाराणसी जंक्शन विशेष एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 04227/04228): चंडीगढ़ और वाराणसी के बीच चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन कुल 36 फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04227 वाराणसी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 1 अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को वाराणसी से सुबह 11:05 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी दिशा में ट्रेन नंबर 04228 चंडीगढ़-वाराणसी एक्सप्रेस 2 अक्तूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चंडीगढ़ से सुबह 6:00 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12:55 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी।
प्रमुख ठहराव: अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, रायबरेली जंक्शन, प्रतापगढ़ जंक्शन और मां बेल्हा देवी धाम।
कोच श्रेणी: एसी टू टियर, एसी थ्री टियर, स्लीपर और जनरल श्रेणी।
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशंजीत सिंह ने बताया कि दीपावली और छठ के दौरान नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। दोनों विशेष ट्रेनों के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है ताकि यात्री समय रहते अपनी यात्रा की योजना बना सकें।
#ChandigarhNews #FestivalSpecial #IndianRailways #AmbalaDivision #PatnaExpress #VaranasiExpress #ChhathPuja #Diwali2026 #DanikKhabar
Previous
जगद्गुरु रामानन्दाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय का दीक्षान्त समारोह आयोजित,संस्कृत का बार बार प्रयोग इसे जनभाषा बनाएगा-राज्यपाल
Next