13/03/26

एस डी कॉलेज अम्बाला में “एस.डी. टेक4सोसाइटी हैकाथॉन 2026” का भव्य आयोजन

अम्बाला, 13 मार्च (अभी) : सनातन धर्म महाविद्यालय, अंबाला छावनी में इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (IIC), कंप्यूटर साइंस विभाग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एस.डी. टेक4सोसाइटी हैकाथॉन 2026 का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। इस हैकाथॉन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना तथा तकनीकी माध्यम से समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना था।

इस प्रतियोगिता में कुल 109 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा 70 टीमों ने अपने नवाचारी प्रोजेक्ट्स और तकनीकी विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों जैसे जींद, रोहतक सहित प्रदेश के अन्य शहरों के महाविद्यालयों के साथ-साथ पंजाब राज्य से भी विद्यार्थियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को अंतर-राज्यीय स्वरूप प्रदान किया। प्रतिभागियों ने सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर ट्रैक के अंतर्गत एआई/एमएल, साइबर सुरक्षा, डेटा एनालिटिक्स, आईओटी, रोबोटिक्स एवं स्मार्ट ऑटोमेशन जैसे क्षेत्रों में समाजोपयोगी समाधान प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के मूल्यांकन हेतु प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल उपस्थित रहा, जिसमें डॉ. अनिल वोहरा (पूर्व वरिष्ठ प्रोफेसर एवं पूर्व डीन, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय), श्री दविंदर सैनी (एम.टेक., CAD-CAM एवं रोबोटिक्स, थापर विश्वविद्यालय, पटियाला) तथा डॉ. अश्वनी कुश (प्रोफेसर, कंप्यूटर साइंस विभाग, आईआईएचएस कुरुक्षेत्र) शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रोजेक्ट्स का सूक्ष्म मूल्यांकन कर उन्हें उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रायोजकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिनमें श्री सुनील ओहरी (निदेशक, एक्सपोर्टसॉफ्ट प्रा. लि., अंबाला), श्री जतिंदर सैनी (निदेशक, साइलैक्स सॉफ्टवेयर प्रा. लि., अंबाला छावनी), श्री दविंदर सैनी (निदेशक, स्पेक्ट्रम टेक्नोलॉजीज) तथा श्री कमल (नेचुरल लैब इक्विपमेंट्स एवं मीडिया माइंड) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इस अवसर पर डॉ. राजिंदर सिंह (निदेशक, सनातन धर्म कॉलेज सोसाइटी) ने कहा कि हैकाथॉन और स्टार्ट-अप जैसी नवाचार आधारित गतिविधियों को विभागों की वार्षिक गतिविधियों का स्थायी हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने विभागीय एलुमनी को विद्यार्थियों से जोड़ने तथा ऐसी गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने पर बल दिया।

कार्यक्रम को कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। इस अवसर पर डॉ. प्रेम सिंह (कन्वीनर, IIC) ने महाविद्यालय की नवाचार एवं उद्यमिता के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। वहीं डॉ. गिरधर गोपाल (अध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस विभाग) एवं डॉ. आरती (अध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग) ने प्रतिभागियों के प्रयासों की प्रशंसा की।

परिणामों की घोषणा के अनुसार, बेस्ट सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन का पुरस्कार AIMT कॉलेज की टीम SW29 को प्रदान किया गया, जिसमें युक्ति गुप्ता, कार्तिक जैन एवं आदिल खान शामिल थे। इसी श्रेणी में द्वितीय स्थान सनातन धर्म महाविद्यालय की टीम SW29 के अब्दुल्ला रऊफ, कबीर दुग्गल एवं आदित्य ने प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान मुकुंद लाल राष्ट्रीय महाविद्यालय, यमुनानगर के विद्यार्थियों कुना एवं हरदीप को मिला। बेस्ट हार्डवेयर सॉल्यूशन का पुरस्कार मुकुंद लाल राष्ट्रीय महाविद्यालय, यमुनानगर के जयंत चौधरी एवं गौरव को प्रदान किया गया। बेस्ट जूरी मेंशन का सम्मान भी मुकुंद लाल राष्ट्रीय महाविद्यालय के नमन सिंघल एवं हर्ष को मिला। वहीं बेस्ट सोसाइटीयल इम्पैक्ट का पुरस्कार एस.ए. जैन कॉलेज, अंबाला सिटी की छात्रा रुपम को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त बेस्ट फैकल्टी इनोवेटर अवार्ड सनातन धर्म महाविद्यालय को प्रदान किया गया, जिसमें एफसी-03 टीम के श्री योगेश, सुश्री सेजल, सुश्री शाइना एवं सुश्री चेतना को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में सुश्री अमनदीप कौर (कन्वीनर), डॉ. छवि किरण (सह-कन्वीनर), सुश्री मुस्कान अग्रवाल (समन्वयक), सुश्री गरिमा (सह-समन्वयक) तथा डॉ. याशना का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. छवि किरण द्वारा अत्यंत प्रभावी ढंग से किया गया।

अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी निर्णायकों, प्रायोजकों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा इस भव्य आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।

#SDCollegeAmbala #Hackathon2026 #Tech4Society #InnovationIndia #AmbalaNews #STEMEducation #StartupCulture #HaryanaEducation #StudentInnovators #FutureTech #Danikkhabar

Previous

इंश्योरेंस कंपनी से धोखाधड़ी करने वाले पूर्व सहायक को 4 साल की जेल, CBI कोर्ट ने सुनाया सख्त फैसला

Next

करोड़ों की ऑनलाइन धोखाधड़ी का भंडाफोड़: CBI का 15 ठिकानों पर छापा, 900 करोड़ के घोटाले का मास्टरमाइंड CA गिरफ्तार