13/04/25

प्रधानमंत्री आज महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं का करेंगे विधिवत शुभारंभ

चंडीगढ़, 13 अप्रैल (अभी): प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं का विधिवत से शुभारंभ करेंगे। इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, एसपीजी के आई जी लव कुमार, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के एम पांडुरंग सहित आला अधिकारियों के साथ रैली स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अंतिम रूप दिया। प्रशासन द्वारा लोगों के बैठने के लिए भव्य पंडाल तैयार किया गया है। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए यातायात की सुविधा उपलब्ध कराई गई है और उनके लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। 

इस दौरान मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट टर्मिनल का शिलान्यास होगा। इसी दौरान यहां से अयोध्या को जाने वाली पहली फ्लाइट को रवाना किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और महानिदेशक के एम पांडुरंग ने एयरपोर्ट परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, आमंत्रित अतिथियों की सुविधा, मीडिया गैलरी और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित नोडल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि यह एयरपोर्ट न केवल हिसार बल्कि आस-पास के जिलों के लिए भी एक बड़ी सौगात साबित होगा। हवाई सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रहे और समस्त व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से पूरी की जाएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा हरियाणा के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। 

प्रधान मंत्री कार्यक्रम के नोडल अधिकारी आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, हिसार मंडल के आयुक्त ए श्रीनिवास, नागरिक उड्डयन विभाग के महानिदेशक डॉ नरहरि बांगड़, हिसार के उपायुक्त अनीश कुमार, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Previous

आज के मुख्य समाचार और इतिहास

Next

खालसा पंथ की स्थापना ने लोगों में साहस और बलिदान की भावना पैदा की: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी