26/05/25

पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर से आतंकवादी बने अर्श दल्ला के करीबी सहयोगी को गुजरात से गिरफ्तार किया

पंजाब, 26 मई (अभी): काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और होशियारपुर पुलिस ने गुजरात पुलिस के सहयोग से अहमदाबाद से लविश कुमार को गिरफ्तार किया है। लविश विदेश में बैठे आतंकवादी अर्श डल्ला और जिंदी मेहंदीपुरिया (मारे गए आतंकी तेजा मेहंदीपुरिया का भाई) का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है।


डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लविश अर्श डल्ला के सीधे निर्देशों पर काम कर रहा था और फिरौती के लिए फायरिंग जैसे हथकंडे अपनाकर लोगों को डराने-धमकाने में शामिल था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, फायरिंग द्वारा रंगदारी मांगने सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।


जानकारी के अनुसार, लविश ने शराब के एक ठेकेदार की रेकी की थी और उससे 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। वह लगातार विदेश में बैठे आकाओं से संपर्क में था और पंजाब में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।



डीजीपी ने कहा कि यह गिरफ्तारी आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब लविश के अन्य सहयोगियों की पहचान करने और उसके नेटवर्क की गहराई से जांच करने में जुटी है। इस अंतर-राज्यीय अभियान में अहम सहयोग के लिए पंजाब पुलिस ने गुजरात पुलिस और डीजीपी गुजरात का विशेष धन्यवाद किया है।

Previous

बदमाशों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां... पंजाब के अमृतसर में अकाली दल के नेता की दिनदहाड़े हत्या

Next

हर गांव में पंचायत भवन बनाना सरकार की प्राथमिकता: विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार