बदमाशों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां... पंजाब के अमृतसर में अकाली दल के नेता की दिनदहाड़े हत्या
पंजाब, 26 मई (अभी): पंजाब में अमृतसर में एक पार्षद की हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक पर सवार बदमाशों ने पार्षद पर गोलियां दाग दीं। इसमें पार्षद की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल की अगुवाई वाली शिराेमणि अकाली दल (SAD) के पार्षद ने कुछ दिन पहले पुलिस में एक शिकायत दी थी। इसमें शिकायत में पार्षद पांच से छह लड़कों के नाम भी लिखे थे। तब उन्होंने धमकी मिलने की बात की थी। बाइक सवार बदमाशों की फायरिंग में मारे गए पार्षद की पहचान हरजिंदर सिंह के तौर पर हुई है। यह घातक गोलीबारी छेहरटा इलाके में एक गुरुद्वारे के पास हुई, जहां सिंह एक सार्वजनिक समारोह में शामिल होने गए थे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। पुलिस हमलवारों की तलाश के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। बीजेपी नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पिछले हमले की सीसीटीवी फुटेज एक्स पर पोस्ट की है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार पार्षद पर कार्यक्रम स्थल से निकलने के तुरंत बाद मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश लोगों ने घात लगाकर हमला किया। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने बाद में स्थानीय अस्पताल में दम तोड़ दिया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हरपाल सिंह रंधावा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हरजिंदर को तीन बाइक सवार हमलावरों ने निशाना बनाया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गोली लगने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।