26/05/25

हर गांव में पंचायत भवन बनाना सरकार की प्राथमिकता: विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार

चंडीगढ़, 26 मई (अभी) - हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सरपंच गांव का जिम्मेदार व्यक्ति होता है। उसे अपनी शक्तियों का सकारात्मक दिशा में व गांव के विकास में प्रयोग करना चाहिए। राज्य सरकार गांवों को मॉडल गांव बनाने के लिए गांव में हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। श्री पंवार सोमवार को जिला पानीपत में खण्ड मडलौडा के सरपंचों व ग्राम सचिवों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6200 ग्राम पंचायतों में ई-लाइब्रेरी बनाने का कार्य किया जा रहा है। सरकार हर गांव में प्राथमिकता से पंचायत भवन बनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में 541 गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। जिन गांवों में महिला सांस्कृतिक केन्द्र अभी तक नहीं बने हैं उनके निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इण्डोर जिम गांव में खोले जा रहे हैं। इसका उद्देश्य गांव में खेल का वातावरण तैयार करना है।

 

श्री पंवार ने कहा कि गांव के शमशान घाट की चारदीवारी करवाने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के 2200 तालाबों का जीर्णोद्धार करने का भी सरकार कार्य कर रही है। इसको लेकर कार्य को गति प्रदान की जा रही है। इन तालाबों को शीघ्र बनाया जाएगा। इनके सुधारीकरण को लेकर सरपंचों को निष्ठा से कार्य करना होगा।

Previous

पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर से आतंकवादी बने अर्श दल्ला के करीबी सहयोगी को गुजरात से गिरफ्तार किया

Next

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने किया नीलोखेड़ी गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक का किया निरीक्षण