चंडीगढ़ पुलिस की बंगाल में रेड; पंजाब सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, मोबाइल-लैपटॉप जब्त
अभिकान्त, 05 जून चंडीगढ़ : पंजाब सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी देने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी भरा ईमेल भेजने के आरोप में पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक युवक को वीरवार रात गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से मामले की गंभीरता और गहन पूछताछ की आवश्यकता को देखते हुए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरे मामले को लेकर चंडीगढ़ के थाना सेक्टर-3 में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के पल्ली बाजार, गोबिंद पल्ली निवासी सौरव बिस्वास ने पंजाब सिविल सचिवालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर यह धमकी भरा संदेश भेजा था। सचिवालय जैसी हाई-सिक्योरिटी वाली जगह को निशाना बनाने की बात सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
अदालत से मिली एक दिन की रिमांड के दौरान चंडीगढ़ पुलिस आरोपी सौरव बिस्वास से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस धमकी के पीछे के वास्तविक मकसद का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिरकार आरोपी ने पंजाब सिविल सचिवालय को ही निशाना बनाने के लिए ईमेल क्यों चुना और क्या इस साजिश में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति या संगठित नेटवर्क भी शामिल है। इसके साथ ही आरोपी के पास से बरामद उसके मोबाइल फोन, लैपटॉप तथा अन्य डिजिटल उपकरणों को भी खंगाला जा रहा है ताकि इंटरनेट कनेक्शन और इस्तेमाल किए गए डिवाइस की पूरी चेन का तकनीकी विश्लेषण किया जा सके।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ में पिछले कुछ समय के दौरान सरकारी और निजी स्कूलों, पासपोर्ट कार्यालय, जिला अदालत, सेक्टर-17 बस स्टैंड, नगर निगम तथा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट जैसी कई प्रमुख और संवेदनशील संस्थाओं को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, हर बार सुरक्षा एजेंसियों और बम निरोधक दस्ते द्वारा की गई गहन जांच के दौरान किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई, जिससे स्पष्ट होता है कि अब तक की अधिकांश धमकियां महज अफवाह या फर्जी ही साबित हुई हैं।
#PunjabSecretariat #BombThreat #ChandigarhPolice #CyberCrime #BreakingNews2026 #WestBengalNews #Danikkhabar
Previous
सिकल सेल उन्मूलन प्रयासों को दें सघनता : राज्यपाल मध्यप्रदेश
Next