जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.8 किलो हेरोइन मामले में गिरफ्तार तस्करों की 24.48 लाख की संपत्ति फ्रीज
अभिकान्त , 08 अगस्त जालंधर: पंजाब सरकार के विशेष अभियान 'युद्ध नशे विरुद्ध' के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने ड्रग तस्करों पर अपना शिकंजा और कस दिया है। पुलिस ने हेरोइन बरामदगी के एक मामले में गिरफ्तार दो नशा तस्करों की लगभग 24.48 लाख रुपये मूल्य की अवैध चल-अचल संपत्ति और बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है। यह सख्त कानूनी कार्रवाई एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 68F के तहत की गई है।
जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर एडीसीपी-2 राकेश कुमार यादव और एसीपी कैंट कुलविंदर सिंह की देखरेख में थाना सदर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई अंजाम दी गई। यह मामला 26 अप्रैल 2026 को थाना सदर में दर्ज एफआईआर संख्या 137 से संबंधित है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 29 और 61 के तहत 1 किलो 883 ग्राम हेरोइन बरामद की थी और दो मुख्य तस्करों कुलविंदर सिंह (निवासी गांव सैदूपुर, नकोदर) तथा जगदेव सिंह (निवासी महितपुर, जालंधर) को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद थाना सदर के एसएचओ संजीव कुमार और उनकी टीम ने आरोपियों की आर्थिक जांच शुरू की। जांच में साफ हुआ कि दोनों ने यह संपत्तियां नशे के काले कारोबार से अर्जित अवैध कमाई से बनाई थीं। सक्षम प्राधिकारी से आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों को कानूनी नोटिस तामील कराते हुए कार्रवाई पूरी की।
फ्रीज की गई संपत्तियों में आरोपी कुलविंदर सिंह का एचडीएफसी (HDFC) बैंक खाता शामिल है, जिसमें 52,532 रुपये जमा हैं। इसके अलावा आरोपी जगदेव सिंह की पत्नी मनजीत कौर के नाम पर वर्ष 2023 में बना एक आवासीय मकान भी जब्त किया गया है। यह मकान वार्ड नंबर 11, रवी वाली कॉलोनी, गांव महितपुर (नकोदर) में स्थित है, जिसकी अनुमानित कीमत 23,95,500 रुपये है।
#JalandharNews #PunjabPolice #WarOnDrugs #JalandharPolice #NDPSAct #PropertySeized #DrugFreePunjab #Danikkhabar #BreakingNews #PunjabGovt
Previous
धर्मशाला अग्निवीर भर्ती में ठगी का प्रयास: करनाल के 2 आरोपी गिरफ्तार; आर्मी इंटेलिजेंस के इनपुट पर पुलिस की कार्रवाई
Next