28/07/26

दिल्ली के रिज क्षेत्र को पुराना प्राकृतिक रूप देने की बड़ी तैयारी: DDA पहले चरण में 120 हेक्टेयर इलाके को करेगा पुनर्जीवित

अभिकान्त, 28 जुलाई हरियाणा : राजधानी दिल्ली के रिज क्षेत्र (जंगल के हिस्से) को फिर से उसके पुराने और प्राकृतिक रूप में ढालने की एक बड़ी और व्यापक तैयारी की जा रही है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) यहां बड़े पैमाने पर पर्यावरण को सुधारने और पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने का काम शुरू करने जा रहा है। योजना के पहले चरण में रिज के लगभग 120 हेक्टेयर इलाके को शामिल किया जाएगा, जिसका मुख्य मकसद सिर्फ पेड़-पौधे लगाना नहीं, बल्कि यहां के मूल प्राकृतिक माहौल और देशी वनस्पतियों को फिर से जीवित करना है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने डीडीए को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रिज क्षेत्र को वैज्ञानिक तरीके से सुधारकर पुरानी हरियाली और देशी पेड़-पौधों को वापस लाया जाए।

डीडीए अधिकारियों के अनुसार, जुलाई के प्रथम सप्ताह में शुरू हुआ पौधारोपण अभियान मध्य सितंबर तक जारी रहेगा। इस अभियान के तहत डीडीए द्वारा अब तक संपूर्ण दिल्ली में 8,29,313 पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिनमें 35,570 वृक्ष एवं 7,93,743 झाड़ियां शामिल हैं। वहीं केवल रिज क्षेत्रों में 27,062 पौधों का रोपण किया गया है, जिनमें 12,506 वृक्ष तथा 14,556 झाड़ियां सम्मिलित हैं।

इस पुनरुद्धार योजना के तहत पर्यावरण और स्थानीय जैव विविधता को नुकसान पहुंचाने वाले लगभग 16,240 विदेशी और बेकार पेड़-झाड़ियों को हटाकर उनकी जगह एक लाख देशी पौधे व करीब 81,700 देशी झाड़ियां लगाई जाएंगी। यहां बरगद, पीपल, नीम, शीशम, अर्जुन, जामुन, पलाश और खेजड़ी जैसे पारंपरिक पेड़ लगाए जाएंगे, जबकि हरसिंगार, करौंदा, फालसा और करी पत्ता जैसी झाड़ियां भी रोपी जाएंगी।

सभी पेड़-पौधे एक खास ग्रिड सिस्टम से लगाए जाएंगे ताकि सभी पौधों को सही दूरी पर बढ़ने, उचित धूप मिलने और जड़ों को फैलने की पूरी जगह मिल सके। यह कार्य दक्षिण मध्य रिज, मध्य रिज, कमला नेहरू रिज और नानकपुरा रिज में शुरू किया गया है। यह पूरी पहल दिल्ली में कुल 23 लाख पौधे लगाने के बड़े लक्ष्य का हिस्सा है, जिससे राजधानी की आबो-हवा और पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सके।

#DelhiNews #DDARidge #GreenDelhi #RidgeRestoration #TaranjitSinghSandhu #EnvironmentNews #DelhiDDA #AmbalaNews #ChandigarhNews #DanikKhabar

Previous

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रमंडल खेल में कांस्य पदक जीतने पर भारोत्तोलक बिंद्यारानी देवी को बधाई दी

Next

हिसार: एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई; 10.55 ग्राम हेरोइन और स्कूटी के साथ तस्कर गिरफ्तार