29/06/25

रथयात्रा के दौरान पुरी में गुंडिचा मंदिर के पास मची भगदड़, 3 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

आरएस अनेजा, 29 जून नई दिल्ली

पुरी में रथयात्रा के दौरान रविवार तड़के जब सैकड़ों श्रद्धालु श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने तीनों रथों के दर्शन को जुटे, तब भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हैं। प्रशासन राहत और जांच में जुटी है।

रविवार प्रात: करीब 4 बजे श्रीगुंडिचा मंदिर के पास सैकड़ों भक्त भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों के दर्शन के लिए जमा हुए थे। इसी दौरान अफरातफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। इसमें तीन लोगों बसंती साहू, प्रेमकांत मोहंती और पार्वती दास की मौत हो गई। भगदड़ में कई लोग घायल भी हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिला कलेक्टर सिद्धार्थ एस स्वैन ने बताया कि छह लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुटी हुई है। शनिवार को रथयात्रा के पहले दिन ही 600 से अधिक लोग बीमार हो गए थे। धक्का-मुक्की और उमस भरे मौसम के कारण कई श्रद्धालु बेहोश हो गए। सुरक्षा के लिए यहां हजारों जवान तैनात हैं।

क्या होती है गुंडिचा यात्रा

पुरी की यह सालाना यात्रा भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों को मुख्य मंदिर से 2.6 किमी दूर स्थित गुंडिचा मंदिर तक ले जाया जाता है, जिसे देवताओं की मौसी का घर माना जाता है। तीनों देवता नौ दिन तक गुंडिचा मंदिर में ठहरेंगे। इसके बाद पांच जुलाई को बहुदा यात्रा (वापसी यात्रा) शुरू होगी। शनिवार को भारी बारिश के कारण रथयात्रा बीच में रोक दी गई थी, जिसे रविवार सुबह दोबारा शुरू किया गया।

Previous

पुरी में गुंडिचा मंदिर के पास मची भगदड़ मामले में दो पुलिस अधिकारी निलंबित, डीसी व एसपी का तबादला

Next

सरकार के सक्रिय, समावेशी दृष्टिकोण के कारण शून्य खुराक वाले बच्चों के प्रतिशत में आई कमी: स्वास्थ्य मंत्रालय