चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन के चुनाव 11 सितंबर को; शेडयूल जारी, 25 अगस्त से भरे जाएंगे नामांकन

चंडीगढ़ , 23 अगस्त (अभिकान्त) : जिला बार एसोसिएशन (DBA), चंडीगढ़ के वार्षिक चुनाव का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। आगामी 11 सितंबर 2026 को जिला अदालत परिसर, सेक्टर-43 में मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी। चुनाव प्रक्रिया की घोषणा होते ही वकीलों के बीच चुनावी सरगर्मी और उत्साह बढ़ गया है।

चुनाव समिति द्वारा जारी शेडयूल के अनुसार, प्रत्याशी 24 अगस्त से कार्यदिवसों में सुबह 9:30 बजे से DBA फ्रंट ऑफिस से नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। नामांकन की प्रक्रिया 25 और 26 अगस्त को होगी। उम्मीदवार जिला अदालत परिसर के सर्विस ब्लॉक की पहली मंजिल स्थित कार्यकारी समिति कार्यालय में अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे। 27 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच (Scrutiny) की जाएगी, जबकि 29 अगस्त को दोपहर 2:15 से शाम 4:00 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

वोटिंग 11 सितंबर 2026 को दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और दूसरा चरण दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगा। मतदान केंद्र सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत परिसर के सर्विस ब्लॉक की पहली मंजिल पर स्थित जेंट्स बार रूम को बनाया गया है।

यह मतदान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष (आरक्षित), सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, महिला लाइब्रेरी सचिव और वरिष्ठ व कनिष्ठ कार्यकारी सदस्यों के पदों के लिए होगा। वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारी सदस्यों के लिए 5-5 सीटें तय की गई हैं, जिनमें से 2-2 सीटें महिला वकीलों के लिए आरक्षित रखी गई हैं।

चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता चमन लाल को रिटर्निंग ऑफिसर (RO) नियुक्त किया गया है। उनके साथ सुनील बिलगा, मंदीप कुमार, डॉ. सुशीला भारद्वाज और अमरजीत सिंह गुज्जर सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) के रूप में चुनावी व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

#DBAElections2026 #ChandigarhBarAssociation #ChandigarhNews #DistrictCourt43 #DanikKhabar #BreakingNews #AdvocatesElection

Next

दैनिक खबर: आज 23 अगस्त , 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार