अंबाला कैंट: GMN कॉलेज बना जैव विविधता का मॉडल परिसर; सर्वेक्षण में 131 प्रजातियों के 1061 पौधे दर्ज

जे कुमार अंबाला छावनी, 25 सितंबर 2026 : गांधी मेमोरियल नेशनल (जी.एम.एन.) कॉलेज, अंबाला छावनी का हरा-भरा परिसर पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के क्षेत्र में एक मिसाल कायम कर रहा है। कॉलेज के वनस्पति विज्ञान (Botany) विभाग, ईको क्लब तथा एस.डी.जी. (SDG) क्लब के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से कॉलेज परिसर का व्यापक जैव विविधता सर्वेक्षण संपन्न किया, जिसमें कुल 131 विभिन्न प्रजातियों के 1061 पौधों का दस्तावेजीकरण किया गया।

विशेष पर्यवेक्षण में हुआ सर्वेक्षण:

यह महत्वपूर्ण सर्वेक्षण डॉ. कुलदीप यादव के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में विद्यार्थियों द्वारा पूरा किया गया, जिसमें कॉलेज के माली सुनील का विशेष योगदान रहा। सर्वेक्षण के दौरान परिसर में मौजूद छायादार, फलदार और औषधीय पेड़-पौधों की गणना और उनकी प्रजातियों का वर्गीकरण किया गया। कॉलेज में विकसित हर्बल गार्डन में अश्वगंधा, गिलोय, सर्पगंधा, एलोवेरा, तुलसी, काली मुसली, रुद्राक्ष, चंदन, लौंग, मसाला पत्ता और इंसुलिन प्लांट जैसी महत्वपूर्ण औषधीय प्रजातियों को सहेज कर रखा गया है।

व्यावहारिक शिक्षा पर जोर – डॉ. रोहित दत्त:

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर व्यावहारिक और जीवनोपयोगी अनुभव देना है। ऐसे प्रायोगिक कार्यों से छात्रों में अनुसंधान कौशल, अवलोकन क्षमता और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का विकास होता है। उन्होंने बताया कि कॉलेज में प्रतिवर्ष पौधारोपण अभियान चलाकर हरित क्षेत्र को निरंतर बढ़ाया जा रहा है।

#AmbalaNews #GMNCollege #AmbalaCantt #Biodiversity #GreenCampus #HaryanaEducation #AmbalaUpdates #EnvironmentalAwareness #GMNCollegeAmbala #BreakingNews

Previous

अंबाला: ग्राम सभाओं के कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करवाएं अधिकारी – उपायुक्त सचिन गुप्ता

Next

अंबाला: राष्ट्रभाषा विचार मंच ने ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित कर राष्ट्रकवि दिनकर और पं. दीनदयाल उपाध्याय को दी भावांजलि