27/03/26

अम्बाला पीएम श्री स्कूल में दिव्यांग बच्चों के लिए दो-दिवसीय फिजियोथेरेपी शिविर शुरू

अभिकान्त, 27 मार्च अम्बाला : पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बलदेव नगर (अंबाला) में समग्र शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों हेतु  विशेष दो -दिवसीय फिजियोथेरेपी शिविर का आज शुभारंभ किया गया। यह शिविर जिला परियोजना समन्वयक सीमा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह एवं प्रिन्सिपल साहा  प्रेरणा  चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह  ने उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे शिविर दिव्यांग बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की नियमित देखभाल एवं चिकित्सकीय परामर्श का पालन करें तथा सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।


इस शिविर में अंबाला जिले के विभिन्न ब्लॉकों से दिव्यांग छात्र अपने अभिभावकों सहित उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शिविर में डॉ. गगनदीप द्वारा बच्चों को आवश्यक फिजियोथेरेपी सेवाएं प्रदान की गईं, जिससे बच्चों के शारीरिक विकास एवं सुधार में सहायता मिली। कार्यक्रम के सफल संचालन में  विशेष शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अतिरिक्त, डीपीसी कार्यालय से एपीसी मैडम रविंदरपाल कौर की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन का निरीक्षण किया।


शिविर के दौरान प्रतिभागियों एवं अभिभावकों के लिए जलपान एवं लंच की उचित एवं संतोषजनक व्यवस्था भी की गई। यह शिविर हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसमें दिव्यांग विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी सेवाएं प्रदान करने पर विशेष बल दिया गया है । विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के इस प्रयास की सभी ने सराहना की तथा इसे दिव्यांग बच्चों के हित में एक सराहनीय पहल बताया।

Previous

अम्बाला लोक अदालत: 9 मई को सुलझेंगे पेंडिंग मामले; सीजेएम प्रवीण ने कहा—आपसी समझौते से होगी समय और धन की बचत

Next

अम्बाला एयरफोर्स सुरक्षा: एडीसी विराट ने 'बर्ड हिट' रोकने हेतु सफाई और पेड़ों की ट्रिमिंग के दिए निर्देश