06/04/25

संत-महात्मा ही हमारे सच्चे मार्गदर्शक हैं: केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल

चंडीगढ़, 6 अप्रैल (अभी) - केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामले मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारे सनातन धर्म में धार्मिक ग्रंथों की समृद्ध परंपरा है। धार्मिक ग्रंथों में दी गई शिक्षाओं को समझना हर किसी के लिए आसान नहीं है। ऐसे में हमारे संत-महात्मा ही हमारे सच्चे मार्गदर्शक हैं।

         केंद्रीय मंत्री आज गुरुग्राम के पटौदी स्थित आश्रम हरि मंदिर संस्कृत महाविद्यालय के तीन दिवसीय वार्षिक महोत्सव के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

         केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना देखा है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व का मार्गदर्शक बनना चाहिए और हम सभी को अपने सामूहिक प्रयासों से देश को उस स्तर तक ले जाना है।

         उन्होंने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि उस देश के लोग सामाजिक जीवन में कैसा व्यवहार करते हैं। यह रास्ता हमारे गुरुओं की शिक्षाओं से निकलता है।

         श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की समस्याओं का एक-एक करके समाधान हो रहा है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर अब तक जितने भी अभियान शुरू हुए हैं, उनमें देश के सभी नागरिकों ने प्रमुखता से अपनी भूमिका निभाई है। वर्ष 2023 में निकाली गई विकसित भारत यात्रा इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने लोगों से जाति-पाति से दूर होकर ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ने का आह्वान भी किया।

         समारोह को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम, बड़खल से विधायक श्री धनेश अदलखा, खरखौदा से विधायक श्री पवन खरखौदा और महेंद्रगढ़ से विधायक श्री कंवर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Previous

लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने बरवाला में 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया उद्घाटन

Next

साइक्लोथोन दे रहा हरियाणा को नशा मुक्त बनाने का संदेश: सांसद धर्मबीर सिंह