18/03/25

उत्तर प्रदेश : 29 साल बाद लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर गंगा पुल की होगी मरम्मत, 42 दिन तक 74 ट्रेनें होंगी प्रभावित

उत्तर प्रदेश, 18 मार्च (अभी): उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन 20 मार्च से कानपुर रेलखंड पर स्थित गंगा पुल की मरम्मत शुरू करेगा। यह काम 29 साल बाद किया जा रहा है। वर्ष 1996 में पिछली बार पुल की मरम्मत हुई थी। मरम्मत कार्य के चलते 30 अप्रैल तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।

42 दिनों तक झांसी, हावड़ा, मुंबई, पुणे, गोरखपुर आदि रूटों पर चलने वाली नीलांचल, शताब्दी एक्सप्रेस समेत 74 ट्रेनों का संचालन बाधित रहेगा। उत्तर रेलवे की नौ ट्रेनें निरस्त रहेंगी। मरम्मत कार्य के बाद ट्रेनों को रफ्तार मिल सकेगी।

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सचिंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि करीब 10 किमी लंबे रेलमार्ग पर कॉशन लगा है। इससे ट्रेनों को धीमी गति से चलाना पड़ता है। मरम्मत के बाद ट्रेनों की रफ्तार बढ़ सकेगी। उन्होंने बताया कि 42 दिनों तक रोजाना नौ घंटे सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मेंटेनेंस का काम होगा। इस दौरान उत्तर रेलवे की नौ ट्रेन निरस्त व 17 ट्रेनों को बदले रूट से चलाया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे की 39 ट्रेनें बदले रास्ते से चलेंगी।

Previous

लखनऊ : शॉर्ट सर्किट से लगी दुकानों में आग, दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

Next

उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश और ओले से गिरा तापमान