अम्बाला की धरा से गगन चूमेगी राष्ट्रभक्ति, 210 फुट ऊंचे तिरंगे से सुसज्जित होगा 1857 का शहीद स्मारक : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
शहीद स्मारक में लगा तिरंगा लोगों को राष्ट्रभक्ति का संदेश देगा, अम्बाला में यह सबसे ऊंचा तिरंगा होगा : मंत्री अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक में तिरंगा लगाने के स्थान का मुआयना किया, दिशा-निर्देश दिए
अम्बाला/चंडीगढ़, 13 मई- हरियाणा की वीर भूमि, अम्बाला छावनी में बना “शहीद स्मारक” न केवल राज्य के लिए बल्कि पूरे देश के लिए देशभक्ति का एक नया केंद्र बनने जा रहा है। 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की यादों को समेटे शहीद स्मारक में अब एक और भव्य अध्याय जुड़ने जा रहा है।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि अब शहीद स्मारक परिसर में विशाल तिरंगा फहराया जाएगा, जिसकी ऊंचाई 210 फुट होगी। यह तिरंगा स्मारक में 206 फुट ऊंचे मेमोरियल टॉवर से भी ऊंचा होगा, जो दूर से ही लोगों को राष्ट्रभक्ति का संदेश देगा। अम्बाला में यह सबसे ऊंचा तिरंगा होगा।
मंत्री अनिल विज ने आज तिरंगा लगाने के स्थान को लेकर शहीद स्मारक में मुआयना किया और अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने तिरंगा जल्द लगाने के दिशा-निर्देश दिए। मौके पर मौजूद शहीद स्मारक के निदेशक डा. कुलदीप सैनी ने बताया कि तिरंगा फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा लगाया जाएगा और जल्द तकनीकी टीम इसको लेकर शहीद स्मारक में आ रही है।
शहीद स्मारक में 210 फुट की ऊंचाई पर लहराता तिरंगा इस बात का प्रमाण होगा कि शहीदों का बलिदान सर्वोच्च है। यह स्मारक आने वाले समय में कुरुक्षेत्र और अन्य ऐतिहासिक स्थलों की तरह दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करेगा। शहीद स्मारक न केवल हरियाणा का बल्कि भारत का एक प्रमुख ऐतिहासिक गंतव्य बनेगा।
किसी भी स्मारक में तिरंगा सबसे ऊंचा होना चाहिए, यह भावना सम्मान और संप्रभुता का प्रतीक है। अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय इसलिए लिया गया ताकि जब कोई पर्यटक स्मारक को देखे, तो सबसे पहले उसकी नजर देश की आन-बान और शान 'तिरंगे' पर पड़े।
1857 के शहीदों को मिला सम्मान, मंत्री अनिल विज के प्रयासों से बना शहीद स्मारक
1857 में देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित शहीद स्मारक का निर्माण ऊर्जा मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी में किया जा रहा है। जीटी रोड पर 22 एकड़ भूमि पर निर्मित शहीद स्मारक में 1857 में शहीद हुए अनसंग वीरों को नमन किया जा सकेगा। लगभग 700 करोड़ रुपए की लागत से शहीद स्मारक बन चुका है जिसका आने वाले दिनों में जल्द उद्घाटन होगा।
वीरों की भूमि अम्बाला छावनी, शहीदों को मिला सम्मान
अम्बाला छावनी वीरों की भूमि है जहां से 1857 में स्वतंत्रता संग्राम की ज्वाला फुटी थी। ऊर्जा मंत्री अनिल विज के प्रयासों से शहीदों को नमन करने हेतु शहीद स्मारक का निर्माण किया है। इसी प्रकार अम्बाला छावनी में नेता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सुभाष पार्क में उनकी विशाल मूर्ति स्थापित की गई है।
इसी प्रकार शहीद –ए-आजम भगत सिंह की मूर्ति एसडीएम कार्यालय में स्थापित की गई है जहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज द्वारा अब जल्द यहां पर सुखदेव सिंह और राजगुरू की मूर्ति भी स्थापित की जाएगी। इसी प्रकार ऊर्जा मंत्री अनिल विज द्वारा सदर बाजार चौक पर वीर महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापित कराई गई है जबकि बहुत जल्द 12 क्रास रोड पर बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति भी स्थापित होगी।
-----------------------------------
Previous
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी: हत्या के प्रयास में शामिल 'बैड कैरेक्टर' अमित गिरफ्तार
Next