चंडीगढ़ मेयर चुनाव: भाजपा की हरप्रीत बबला बनीं चंडीगढ़ की मेयर, डिप्टी मेयर-सीनियर डिप्टी मेयर कांग्रेसी

चंडीगढ़, 30 जनवरी (अभी): चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा की हरप्रीत कौर बबला ने जीत दर्ज कर ली है। गुरुवार को हुए मतदान में भाजपा को 19 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को मात्र 16 वोट ही प्राप्त हुए। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की इस जीत में क्रॉस वोटिंग की अहम भूमिका रही।

गौरतलब है कि नगर निगम में भाजपा के पास 16 पार्षद, आम आदमी पार्टी के 13 और कांग्रेस के 6 पार्षद हैं, जबकि एक वोट लोकसभा सांसद का था। ऐसे में भाजपा की जीत को लेकर पहले असमंजस बना हुआ था, लेकिन क्रॉस वोटिंग ने पूरा समीकरण बदल दिया और भाजपा की हरप्रीत कौर बबला मेयर पद पर काबिज हो गईं।

चुनाव प्रक्रिया और सुप्रीम कोर्ट की सख्ती

गुरुवार सुबह 11 बजे मतदान शुरू हुआ। सुप्रीम कोर्ट ने इस बार हाईकोर्ट के पूर्व जज को स्वतंत्र पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया था। पिछली चुनावी प्रक्रिया में आई अनियमितताओं को देखते हुए इस बार चुनाव की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी के चलते यूटी और नगर निगम प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया की व्यापक निगरानी के इंतजाम किए थे।

नगर निगम ने एमसी बिल्डिंग के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। पूरे मतदान केंद्र की वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी रहे। इसके अलावा, पूरे असेंबली हॉल को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया था।

महिला पार्षदों के लिए आरक्षित था मेयर पद

इस वर्ष चंडीगढ़ में मेयर पद महिला पार्षदों के लिए आरक्षित था। ऐसे में भाजपा की ओर से हरप्रीत कौर बबला को उम्मीदवार बनाया गया था, जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन ने संयुक्त रूप से उम्मीदवार खड़ा किया था। दोनों दलों के गठबंधन के बावजूद भाजपा ने क्रॉस वोटिंग के जरिए बड़ी जीत हासिल कर ली।

भाजपा को मिली बढ़त, आप-कांग्रेस गठबंधन को झटका

इस चुनाव में भाजपा की जीत से पार्टी को चंडीगढ़ नगर निगम में और मजबूती मिली है। वहीं, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के लिए यह हार एक बड़ा झटका है। पहले यह चुनाव काफी कांटे की टक्कर का माना जा रहा था, लेकिन अंतिम नतीजे भाजपा के पक्ष में गए।

Previous
Previous

आज 31 जनवरी के प्रमुख समाचार

Next
Next

अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर स्वाति मालीवाल ने फेंका कूड़ा, 3 गाड़ियों में भरकर पहुंची थीं, पुलिस ने हिरासत में लिया