अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर स्वाति मालीवाल ने फेंका कूड़ा, 3 गाड़ियों में भरकर पहुंची थीं, पुलिस ने हिरासत में लिया

नई दिल्ली, 30 जनवरी (अभी): राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने गुरुवार अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर कूड़ा फेंका। तीन गाड़ियों में कूड़ा भरकर मालीवाल अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध जताने पहुंचीं थीं। पुलिस ने स्वाति मालीवाल को हिरासत में ले लिया है। इससे पहले स्वाति मालीवाल स्थानीय निवासियों के साथ विकासपुरी के उस इलाके में पहुंचीं जहां कचरे का ढेर लगा हुआ था।

उन्होंने AAP चीफ अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए कहा, हम यह कचरा अरविंद केजरीवाल के घर ले जाएंगे और उनसे पूछेंगे कि दिल्ली के हर इलाके को दिए गए इस गंदे तोहफे का क्या करें। मालीवाल ने कहा कि केजरीवाल अब आम आदमी नहीं रहे... उन्हें दिल्ली की जमीनी हकीकत का कोई अंदाजा नहीं है।

मालीवाल ने दावा किया कि दिल्ली में स्वच्छता और बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने विकासपुरी की महिलाओं की शिकायतों का हवाला दिया, जिन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक को कई शिकायतों के बावजूद उनकी सड़क पर कचरे का ढेर लग गया है। मालीवाल ने कहा कि दिल्ली का हर कोना-कोना गंदगी से भरा हुआ है, सड़कें टूटी हुई हैं, और नालियां बह रही हैं।

मालीवाल ने यह भी कहा कि केजरीवाल शहर की समस्याओं से पूरी तरह कट चुके हैं। राज्यसभा सांसद ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी पार्टी के खिलाफ नहीं है। आज दिल्ली की हालत बहुत खराब है। स्वाति मालीवाल ने दिल्ली चुनाव के बीच कहा कि मैं यहां अरविंद केजरीवाल से बातचीत करने आई हूं। मैं उनसे कहूंगी कि 'सुधर जाओ, वरना जनता सुधार देगी'। मैं उनके गुंडों से नहीं डरती हूं। दिल्ली में 5 फरवरी को चुनाव होने वाले हैं। एक वक्त स्वाति मालीवाल आम आदमी पार्टी की प्रमुख सदस्य हुआ करती थीं लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह AAP पर जमकर हमलावर हैं।

Previous
Previous

चंडीगढ़ मेयर चुनाव: भाजपा की हरप्रीत बबला बनीं चंडीगढ़ की मेयर, डिप्टी मेयर-सीनियर डिप्टी मेयर कांग्रेसी

Next
Next

राजस्थान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया